scorecardresearch
Saturday, 28 February, 2026
होमदेशअर्थजगतडीएलएफ की अप्रैल-दिसंबर अवधि में बिक्री बुकिंग 16 प्रतिशत घटकर 16,176 करोड़ रुपये

डीएलएफ की अप्रैल-दिसंबर अवधि में बिक्री बुकिंग 16 प्रतिशत घटकर 16,176 करोड़ रुपये

Text Size:

नयी दिल्ली, 23 जनवरी (भाषा) रियल एस्टेट क्षेत्र की प्रमुख कंपनी डीएलएफ लिमिटेड की बिक्री बुकिंग चालू वित्त वर्ष के पहले नौ महीनों (अप्रैल-दिसंबर) में 16 प्रतिशत घटकर 16,176 करोड़ रुपये रह गई।

बाजार पूंजीकरण के लिहाज से देश की सबसे बड़ी रियल एस्टेट कंपनी डीएलएफ ने 2024 की समान अवधि में 19,187 करोड़ रुपये की संपत्तियां बेची थीं।

निवेशक प्रस्तुति के अनुसार, चालू वित्त वर्ष 2025-26 की तीसरी (अक्टूबर-दिसंबर) तिमाही में डीएलएफ की बिक्री बुकिंग तेज गिरावट के साथ 419 करोड़ रुपये रह गई जबकि 2024-25 की इसी तिमाही में यह रिकॉर्ड 12,039 करोड़ रुपये थी।

डीएलएफ ने कहा कि अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में उसकी अल्ट्रा-लक्जरी आवासीय परियोजना ‘द डहलियाज’ के लिए नई बुकिंग अस्थायी रूप से रोकी गई क्योंकि ग्राहक अनुभव को बेहतर बनाने के लिए इसके ‘डिजाइन’ में बदलाव किया जा रहा है।

डीएलएफ ने कहा, ‘‘ तीसरी तिमाही और 2025-26 के पहले नौ महीनों में बिक्री बुकिंग में गिरावट के बावजूद हमें अपने वार्षिक मार्गदर्शन को हासिल करने का पूरा भरोसा है और हम अपनी मध्यम अवधि की योजना के अनुरूप नई परियोजनाएं पेश करते रहेंगे।’’

कंपनी ने चालू वित्त वर्ष में 20,000 से 22,000 करोड़ रुपये की बिक्री बुकिंग का लक्ष्य तय किया है। वित्त वर्ष 2024-25 में डीएलएफ ने 21,223 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड बिक्री बुकिंग दर्ज की थी।

भाषा निहारिका

निहारिका

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments