नयी दिल्ली, तीन मार्च (भाषा) वाहन कलपुर्जा बनाने वाली कंपनी दिवगी टॉर्कट्रांसफर सिस्टम्स के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को बोली के अंतिम दिन शुक्रवार को 5.44 गुना अभिदान मिला।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, आईपीओ के तहत 38,41,800 शेयर की पेशकश पर 2,08,87,225 शेयर के लिए बोलियां मिलीं।
खुदरा व्यक्तिगत निवेशक (आरआईआई) के खंड को 4.31 गुना, गैर-संस्थागत निवेशक श्रेणी में 1.40 गुना और पात्र संस्थागत खरीदार के मामले में 7.83 गुना अभिदान मिला।
आईपीओ के तहत 180 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी किए हैं। इसके अलावा 39,34,243 शेयर बिक्री पेशकश (ओएफएस) के तहत है।
आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 560 से 590 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है।
दिवगी टॉर्कट्रांसफर सिस्टम्स ने मंगलवार को एंकर निवेशकों से 185 करोड़ रुपये से अधिक राशि जुटाई थी।
मूल्य दायरे के ऊपरी स्तर पर आईपीओ से 412 करोड़ रुपये से कुछ ज्यादा रकम जुटाए जाने की उम्मीद है।
कंपनी का शेयर 14 मार्च को बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध होगा।
भाषा रमण पाण्डेय
पाण्डेय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
