मुंबई, छह मार्च (भाषा) बीमा उत्पादों और सेवाओं की जानकारी करीब एक-तिहाई महिलाओं को है, लेकिन इनमें से एक प्रतिशत से भी कम इन उत्पादों को डिजिटल माध्यम से नहीं खरीदती हैं। एक अध्ययन में यह निष्कर्ष निकाला गया है।
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की अनुषंगी रिजर्व बैंक इनोवेशन हब (आरबीआईएच) के एक सर्वे के अनुसार, महिलाओं के बीच विशेष रूप से 18-35 आयु वर्ग में बीमा जागरूकता, 2022 में बढ़कर 29 प्रतिशत हो गई, लेकिन उपभोग अब भी एक प्रतिशत से कम है। बीमा में वे जीवन बीमा और स्वास्थ्य बीमा को प्राथमिकता देती हैं।
यह निष्कर्ष उन 5,000 खुदरा स्टोर से मिली जानकारी पर आधारित है जहां इस आयु वर्ग की महिलाओं ने वित्तीय लेनदेन का लाभ उठाया।
सर्वेक्षण में यह भी पाया गया कि नकद निकासी, मोबाइल रिचार्ज और बिल भुगतान ऐसे खुदरा स्टोरों पर महिलाओं द्वारा सबसे ज्यादा इस्तेमाल की जाने वाली शीर्ष तीन सेवाएं हैं। अन्य पसंदीदा सेवाओं में पैन कार्ड एप्लिकेशन, मनोरंजन, ई-कॉमर्स और यात्रा शामिल हैं।
सरकार और रिजर्व बैंक के अर्थव्यवस्था में नकदी को हतोत्साहित करने के हर प्रयास के बावजूद इसकी पकड़ मजबूत बनी हुई है।
सर्वेक्षण में शामिल लगभग 48 प्रतिशत महिलाओं ने कहा कि वे नकद में लेनदेन करना पसंद करती हैं।
भाषा रिया अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
