scorecardresearch
Saturday, 14 March, 2026
होमदेशअर्थजगतडेनमार्क की प्रधानमंत्री ने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते को समर्थन दिया

डेनमार्क की प्रधानमंत्री ने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते को समर्थन दिया

Text Size:

नयी दिल्ली, 16 सितंबर (भाषा) डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ टेलीफोन पर बातचीत के दौरान पारस्परिक रूप से लाभकारी भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते के समापन के लिए अपने देश का मजबूत समर्थन व्यक्त किया।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, नवाचार, ऊर्जा, जल प्रबंधन, खाद्य प्रसंस्करण और सतत विकास जैसे क्षेत्रों में भारत-डेनमार्क हरित रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘आज डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन के साथ बहुत अच्छी बातचीत हुई। हमने अपनी हरित रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने और भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते को शीघ्र पूरा करने के लिए अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता जताई। यूरोपीय संघ परिषद की अध्यक्षता के लिए डेनमार्क को बधाई दीं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यूक्रेन में संघर्ष को शीघ्र समाप्त करने में हमारे साझा हित पर भी चर्चा हुई।’’

बयान में कहा गया कि फ्रेडरिक्सन ने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते को जल्द से जल्द पारस्परिक लाभकारी रूप में समाप्त करने के लिए डेनमार्क के मजबूत समर्थन की पुनः पुष्टि की, साथ ही 2026 में भारत द्वारा आयोजित किए जाने वाले ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ की सफलता के लिए भी समर्थन व्यक्त किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान तथा शांति एवं स्थिरता की शीघ्र बहाली के लिए भारत के निरंतर समर्थन को दोहराया।

बयान में कहा गया कि उन्होंने डेनमार्क को यूरोपीय संघ परिषद की वर्तमान अध्यक्षता तथा संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की अस्थायी सदस्यता की सफलता के लिए भी बधाई दीं।

भाषा योगेश रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments