scorecardresearch
Monday, 9 February, 2026
होमदेशअर्थजगतदिल्ली सरकार 20 फरवरी से शुरू करेगी चार विशेष पर्यटन सर्किट, 'हेरिटेज वॉक'

दिल्ली सरकार 20 फरवरी से शुरू करेगी चार विशेष पर्यटन सर्किट, ‘हेरिटेज वॉक’

Text Size:

नयी दिल्ली, सात फरवरी (भाषा) दिल्ली सरकार अपने कार्यकाल का एक साल पूरा होने के मौके पर 20 फरवरी से चार विशेष पर्यटन मार्ग और गाइड के साथ ‘हेरिटेज वॉक’ शुरू करने जा रही है। इसका उद्देश्य दिल्लीवासियों और पर्यटकों को राजधानी के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और वास्तुकला से जुड़े स्थलों का व्यवस्थित भ्रमण कराना है।

दिल्ली पर्यटन एवं परिवहन विकास निगम (डीटीटीडीसी) के एक अधिकारी ने बताया कि इस पहल के तहत चार अलग-अलग विषयों पर आधारित यात्राएं शुरू की गई हैं- ‘दिल्ली की धरोहर’, ‘दिल्ली का दिल और विरासत’, ‘दिल्ली का रहस्य’ और ‘दिल्ली देखो दिल से’। ये यात्राएं सोमवार को छोड़कर सप्ताह के सभी दिन संचालित होंगी।

अधिकारी ने कहा कि इन यात्राओं को आधे दिन के भ्रमण के रूप में तैयार किया गया है, जिसमें राजधानी के प्रमुख स्मारकों, संग्रहालयों और सार्वजनिक स्थलों पर जाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इन दौरों के लिए टिकट की बुकिंग ऑनलाइन की जा सकती है, जिसके बाद पर्यटकों को ‘रिपोर्टिंग पॉइंट’ और समय के बारे में जानकारी दी जाएगी।

अधिकारी ने कहा, ‘बुकिंग के बाद पर्यटकों को एक तय मिलन स्थल बताया जाएगा, जहां से निगम बस सेवा उपलब्ध कराएगा। वही बस पर्यटकों को संबंधित मार्ग में शामिल सभी स्थलों पर ले जाएगी।’

इसके अतिरिक्त, निगम 20 फरवरी से मालचा महल में ‘हॉन्टेड हेरिटेज वॉक’ भी शुरू करेगा। यह वॉक शनिवार-रविवार या कम से कम छह लोगों के समूह की मांग पर आयोजित की जाएगी। इसके लिए प्रति व्यक्ति 550 रुपये का शुल्क तय किया गया है।

अधिकारी ने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने और निवासियों को दिल्ली के इतिहास से रूबरू कराने के लिए पूरे महीने इस तरह के कई और कार्यक्रमों की योजना बनाई गई है।

भाषा सुमित पाण्डेय

पाण्डेय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments