नयी दिल्ली, 27 फरवरी (भाषा) जोमैटो के संस्थापक दीपिंदर गोयल की स्वास्थ्य प्रौद्योगिकी क्षेत्र की स्टार्टअप कंपनी टेम्पल ने अपने वित्तपोषण के पहले चरण में 5.4 करोड़ डॉलर जुटाए हैं। गोयल ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
गोयल ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि यह वित्त पोषण के बाद कंपनी का मूल्यांकन 19 करोड़ डॉलर आंका गया है।
यह घोषणा दीपिंदर गोयल की उस अनोखी भर्ती वाली पोस्ट के कुछ घंटों बाद आई, जिसमें उन्होंने अपनी कंपनी टेम्पल के लिए ऐसे लोगों की मांग की थी जो इंजीनियर और वैज्ञानिक होने के साथ-साथ खिलाड़ी (एथलीट) भी हों।
उन्होंने नौकरी के लिए एक खास शर्त रखी थी कि आवेदन करने वाले पुरुषों के शरीर में 16 प्रतिशत से कम और महिलाओं में 26 प्रतिशत से कम वसा होनी चाहिए। उनकी इस दिलचस्प शर्त ने इंटरनेट पर काफी हलचल मचा दी और सोशल मीडिया पर यह चर्चा का विषय बन गई।
गोयल ने कहा, ‘ टेम्पल ने वित्तुपोषण का अपना पहला दौर पूरा कर लिया है। यह पैसा दोस्तों और परिवार से मिला है, जो कुल 5.4 करोड़ डॉलर है। इस निवेश के बाद कंपनी का कुल मूल्यांकन लगभग 19 करोड़ डॉलर आंका गया है।
भाषा
योगेश रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
