scorecardresearch
Monday, 16 March, 2026
होमदेशअर्थजगतवाणिज्य मंत्री गोयल 11 फरवरी को निर्यातकों, उद्योग संघों के साथ करेंगे बैठक

वाणिज्य मंत्री गोयल 11 फरवरी को निर्यातकों, उद्योग संघों के साथ करेंगे बैठक

Text Size:

नयी दिल्ली, नौ फरवरी (भाषा) अमेरिका और यूरोपीय संघ (ईयू) के साथ व्यापार समझौतों को अंतिम रूप दिए जाने के बीच वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल 11 फरवरी को यहां निर्यात संवर्धन परिषदों और उद्योग संघों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

यह बैठक इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि भारत और अमेरिका ने द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण पर हस्ताक्षर करने के लिए एक रूपरेखा को अंतिम रूप दे दिया है।

इस समझौते के तहत, अमेरिका भारतीय वस्तुओं पर 25 प्रतिशत के जवाबी शुल्क को घटाकर 18 प्रतिशत करने पर सहमत हो गया है।

अमेरिका ने भारत पर लगाए गए उस दंडात्मक 25 प्रतिशत शुल्क को पहले ही हटा दिया है, जो पिछले साल अगस्त में रूसी कच्चा तेल खरीदने के कारण लगाया गया था।

भारतीय निर्यातक इस करार का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे क्योंकि कपड़ा, चमड़ा, फुटवियर और रत्न एवं आभूषण जैसे कई श्रम-प्रधान क्षेत्रों के लिए अमेरिका सबसे बड़ा निर्यात गंतव्य है। 50 प्रतिशत तक के ऊंचे शुल्क से अमेरिका को होने वाले भारत के निर्यात को भारी नुकसान हो रहा था।

उद्योग से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि बैठक के लिए सभी निर्यात संवर्धन परिषदों को आमंत्रित किया गया है।

भारत ने पिछले महीने ही 27 देशों के समूह यूरोपीय संघ (ईयू) के साथ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के लिए बातचीत पूरी होने की घोषणा की थी।

भाषा सुमित अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments