scorecardresearch
Wednesday, 4 February, 2026
होमदेशअर्थजगतकॉग्निजेंट 2026 में करीब 25,000 नए स्नातकों की भर्ती करेगी

कॉग्निजेंट 2026 में करीब 25,000 नए स्नातकों की भर्ती करेगी

Text Size:

नयी दिल्ली, चार फरवरी (भाषा) आईटी सेवा क्षेत्र की प्रमुख कंपनी कॉग्निजेंट ने बुधवार को कहा कि उसने वर्ष 2026 में लगभग 24,000 से 25,000 नए स्नातकों की नियुक्ति का लक्ष्य रखा है। यह कदम कंपनी की अपनी कार्यबल संरचना के निचले स्तर (पिरामिड के आधार) को विस्तार देने की रणनीति का हिस्सा है।

यह लक्ष्य वर्ष 2025 की तुलना में लगभग 20 प्रतिशत अधिक है, जब कंपनी ने करीब 20,000 स्नातकों को अपने साथ जोड़ा था।

कंपनी के वर्ष 2025 की चौथी तिमाही वित्तीय नतीजों पर चर्चा के दौरान, कॉग्निजेंट के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) रवि कुमार एस ने कहा कि कंपनी एक ‘व्यापक पिरामिड’ रणनीति पर ध्यान केंद्रित कर रही है। इसके तहत कृत्रिम मेधा (एआई) के उपयोग से उच्चस्तरीय प्रौद्योगिक विशेषज्ञता को शुरुआती स्तर के कर्मियों तक स्थानांतरित किया जा रहा है।

उन्होंने राजस्व और कर्मचारियों की संख्या के बीच के संबंधों पर चर्चा करते हुए कहा कि कंपनी अब कर्मचारियों की संख्या के बजाय प्रति व्यक्ति आय बढ़ाने पर जोर दे रही है। वर्ष 2025 में, जहां राजस्व में 6.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई, वहीं कार्यबल में केवल चार प्रतिशत की वृद्धि हुई, जिससे प्रति व्यक्ति राजस्व में पांच प्रतिशत का सुधार हुआ।

कंपनी के मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) जतिन दलाल ने कहा, ‘‘इस वर्ष हम अपनी भर्ती प्रक्रिया में 20 प्रतिशत तक की वृद्धि की योजना बना रहे हैं और हमें 2026 के लिए 24,000-25,000 नियुक्तियों के आंकड़े तक पहुंचने में प्रसन्नता होगी।’’

भाषा

सुमित अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments