scorecardresearch
Friday, 27 March, 2026
होमदेशअर्थजगतमुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने दूरसंचार कंपनियों को दूर-दराज के गांवों पर ध्यान देने को कहा

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने दूरसंचार कंपनियों को दूर-दराज के गांवों पर ध्यान देने को कहा

Text Size:

श्रीनगर, 16 सितंबर (भाषा) मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर में दूरसंचार और डिजिटल संचार बुनियादी ढांचे की समीक्षा की। बैठक में दूर-दराज के गांवों तक सेवाओं के विस्तार पर गौर किया गया।

एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि अब्दुल्ला ने बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें केंद्र शासित प्रदेश में संचार बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के कदमों पर चर्चा की गई।

उन्होंने कहा कि बैठक में केंद्र शासित प्रदेश में जारी परियोजनाओं की स्थिति और उनके क्रियान्वयन में देरी से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा की गई।

संवाद को प्रगति का सेतु बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मजबूत मोबाइल और इंटरनेट सेवाएं प्रभावी संचालन व्यवस्था, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, सुलभ स्वास्थ्य सेवा, सक्रिय पर्यटन और समग्र जनकल्याण के लिए बेहद आवश्यक हैं।

बीएसएनएल के अधिकारियों ने बैठक में संशोधित भारतनेट कार्यक्रम (एबीपी) के तीसरे चरण की प्रगति के बारे में जानकारी दी, जिसका उद्देश्य ग्राम पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों में हाई-स्पीड इंटरनेट पहुंचाना है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सख्त समयसीमा का पालन करने का निर्देश दिया और कहा कि उन इलाकों को प्राथमिकता से कवर किया जाए जहां अभी तक इंटरनेट सेवा नहीं पहुंची है या जो बहुत दूर-दराज के क्षेत्र हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हमारे गांवों और कस्बों का डिजिटल सशक्तीकरण समावेशी विकास की आधारशिला है। हम यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं कि जम्मू-कश्मीर का कोई भी हिस्सा कटा हुआ न रहे, चाहे वह कोई दूरस्थ गांव हो या एक रेलवे सुरंग।’’

भाषा योगेश रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments