नयी दिल्ली, 19 सितंबर (भाषा) सीईएससी ग्रीन पावर लि. स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में करीब 5,000 करोड़ रुपये निवेश करने की प्रक्रिया में है। इसमें 3,000 मेगावाट क्षमता का सौर सेल/मॉड्यूल संयंत्र लगाना शामिल है।
सीईएससी ग्रीन पावर आरपी-संजीव गोयनका समूह की सीईएससी लिमिटेड की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी है।
सीईएससी ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि सीईएससी ग्रीन पावर लि. देश के विभिन्न स्थानों पर सौर सेल/मॉड्यूल विनिर्माण, बैटरी विनिर्माण, 60 मेगावाट क्षमता का नवीकरणीय ऊर्जा संयंत्र, और अन्य सहायक इकाइयों की स्थापना कर रही है। इसमें तीन गीगावाट से अधिक क्षमता वाला सौर संयंत्र भी शामिल है। इन सभी परियोजनाओं पर कुल मिलाकर लगभग 5,000 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।
सीईएससी लिमिटेड ने कहा है कि वह परियोजना के सफल वित्तीय निष्पादन और क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए सीईएससी ग्रीन पावर लिमिटेड को सभी आवश्यक वित्तीय सहायता प्रदान करेगी।
कंपनी ने कहा कि इस निवेश समर्थन में इक्विटी निवेश, रणनीतिक सहयोग और संस्थागत वित्त पोषण की सुविधा उपलब्ध कराना शामिल होगा।
भाषा योगेश रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
