नयी दिल्ली, नौ सितंबर (भाषा) केंद्र सरकार ने दिल्ली शहर में 152 सड़क परियोजनाओं के लिए 803 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
यह राशि केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना कोष (सीआरआईएफ) के तहत स्वीकृत की गई है। सीआरआईएफ योजना के तहत राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को सड़क एवं अवसंरचना के विकास एवं रखरखाव के लिए धन उपलब्ध कराया जाता है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जुलाई में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में इस कोष की मांग रखी थी।
मंत्रालय की तरफ से जारी एक पत्र में कहा गया है कि सक्षम प्राधिकरण ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली की सरकार के आवंटन के लिए 803.39 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है।
दिल्ली के लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा, ‘‘ये परियोजनाएं ‘विकसित दिल्ली’ मिशन का हिस्सा हैं और इनसे लाखों लोगों को यातायात सुरक्षा, गति एवं पर्यावरणीय स्थिरता सुनिश्चित की जा सकेगी।’’
स्वीकृत परियोजनाओं में पश्चिमी दिल्ली में नजफगढ़-ढांसा मार्ग (16 किमी), आउटर रिंग रोड (5.75 किमी) और नजफगढ़-झरोदा मार्ग (7.2 किमी) शामिल हैं।
दक्षिणी दिल्ली में प्रेस एन्क्लेव रोड, अगस्त क्रांति मार्ग, ओल्ड महरौली-बदरपुर रोड और नेल्सन मंडेला मार्ग जैसी सड़कें शामिल हैं।
उत्तरी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली में कश्मीरी गेट आईएसबीटी के पास ईस्टर्न अप्रोच रोड (3.5 किमी), शास्त्री पार्क फ्लाईओवर (3.1 किमी) और मुख्य बुराड़ी मार्ग (7.1 किमी) जैसे खंडों को भी मजबूत किया जाएगा।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
