हैदराबाद, 23 अगस्त (भाषा) केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी किशन रेड्डी ने शनिवार को कहा कि केंद्र सरकार लंदन मेटल एक्सचेंज की तर्ज पर खनिज कारोबार एक्सचेंज बनाएगी।
उन्होंने यहां संवाददाताओं को बताया कि खनिज एक्सचेंज सेबी के मानदंडों के अनुसार स्थापित किया जाएगा।
उन्होंने कहा, ”लंदन मेटल एक्सचेंज की तरह, हम भारत में भी एक खनिज एक्सचेंज बनाने जा रहे हैं।”
प्रस्तावित खनिज एक्सचेंज से उद्योगों, व्यापारियों और अन्य हितधारकों के लिए बेहतर मूल्य तय करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि खनिज एक्सचेंज को हाल ही में पारित कानून का हिस्सा बनाया गया है और संबंधित दिशानिर्देश जल्द ही जारी किए जाएंगे।
यह पूछने पर कि क्या अमेरिकी शुल्क का घरेलू कोयला उद्योग पर कोई प्रभाव पड़ेगा, उन्होंने कहा कि इसका ज्यादा असर नहीं होगा। उन्होंने आगे कहा कि देश अमेरिका को एल्युमीनियम का बहुत कम निर्यात करता है।
रेड्डी ने कहा कि सरकार ने कोयले के आयात में भारी कमी की है, जिससे 60,000 करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा बची।
उन्होंने कहा कि देश के इस्पात विनिर्माताओं ने अच्छी गुणवत्ता वाले आयातित कोयले का उपयोग करने के लिए बॉयलर बनाए हैं, लेकिन सरकार उनसे अनुरोध कर रही है कि वे बॉयलरों को भारतीय कोयले के उपयोग के अनुसार तैयार करें, जिससे आयात पर निर्भरता कम होगी।
भाषा पाण्डेय
पाण्डेय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
