चंडीगढ़, दो फरवरी (भाषा) पशुपालन से जुड़ी अद्यतन प्रौद्योगिकियों के साथ ही मवेशिओं की कई बेहतरीन नस्लों को कुरुक्षेत्र में शुक्रवार से शुरू होने वाले तीन दिवसीय मेले में प्रदर्शित किया जाएगा।
कृषि एवं किसान कल्याण और मवेशीपालन एवं डेयरी मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि राज्य सरकार पशुपालकों को बेहतरीन नस्लें पालने और वैज्ञानिक तरीके अपनाने के लिए लगातार कोशिश कर रही है ताकि वे कम लागत में ज़्यादा कमाई कर सकें।
उन्होंने कहा कि 6-8 फरवरी के दौरान कुरुक्षेत्र में होने वाले ‘मवेशी मेले’ में मवेशीपालन से जुड़ी अद्यतन प्रौद्योगिकियों को प्रदर्शित किया जायेगा और 41वीं राज्य स्तरीय मवेशी प्रदर्शनी में बेहतरीन नस्लों के लगभग 1,500 पशु हिस्सा लेंगे।
मंत्री ने कहा कि मेले में पूरे राज्य से लगभग एक लाख पशुपालकों, उद्यमियों और वैज्ञानिकों के हिस्सा लेने की उम्मीद है।
पशुपालन विभाग के एक प्रवक्ता ने कहा कि इस कार्यक्रम का हिस्सा बनने वाले एक अनोखे शो में बेहतरीन नस्लों के जानवर रैंप पर चलेंगे।
मंत्री राणा के अनुसार, कार्यक्रम में आने वालों की सुविधा के लिए हर दिन 200 बसों की मुफ्त यातायात सुविधा का इंतज़ाम किया गया है।
एक सरकारी बयान में कहा गया है कि ये बसें राज्य के अलग-अलग हिस्सों से पशुपालकों और दर्शकों को मेले में लाएंगी और उन्हें वापस उनके गांवों और कस्बों में छोड़ देंगी।
प्रवक्ता ने कहा कि कई सरकारी विभाग प्रदर्शनी के दौरान अपनी जन कल्याण योजनाओं को बढ़ावा देने के लिए स्टॉल लगाएंगे, जबकि प्राइवेट कंपनियां भी मवेशीपालन से जुड़े अपने उत्पाद और प्रौद्योगिकी दिखाएंगी।
‘मवेशी मेले’ का उद्घाटन 6 फरवरी को मंत्री राणा करेंगे।
दूसरे दिन, केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह मुख्य अतिथि के तौर पर कार्यक्रम में शामिल होंगे, जबकि आखिरी दिन, आठ फरवरी को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पशुपालकों को पुरस्कार देंगे।
भाषा राजेश राजेश पाण्डेय
पाण्डेय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
