scorecardresearch
Friday, 10 April, 2026
होमदेशअर्थजगतमंत्रिमंडल ने भारत-ओमान व्यापार समझौते को दी मंजूरी

मंत्रिमंडल ने भारत-ओमान व्यापार समझौते को दी मंजूरी

Text Size:

नयी दिल्ली, 12 दिसंबर (भाषा) केंद्रीय मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को भारत और ओमान के बीच एक मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को मंजूरी दे दी। इस समझौते पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की 17-18 दिसंबर को ओमान यात्रा के दौरान हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

एफटीए पर बातचीत नवंबर 2023 में औपचारिक रूप से शुरू हुई थी जो इस वर्ष संपन्न हो गई।

आधिकारिक बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी 15 दिसंबर से जॉर्डन, इथियोपिया और ओमान की चार दिवसीय यात्रा पर जाएंगे।

बयान के मुताबिक अपनी यात्रा के तीसरे और अंतिम चरण में मोदी सुल्तान हैथम बिन तारिक के निमंत्रण पर 17 से 18 दिसंबर तक ओमान का दौरा करेंगे।

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल के भी समझौते पर हस्ताक्षर करने के लिए ओमान जाने की उम्मीद है।

एफटीए में दोनों व्यापारिक साझेदार द्विपक्षीय व्यापार वाली वस्तुओं की अधिकतम संख्या पर सीमा शुल्क को काफी हद तक कम या समाप्त कर देते हैं। वे सेवाओं में व्यापार को बढ़ावा देने और निवेश आकर्षित करने के लिए नियमों में ढील भी देते हैं।

खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) देशों में ओमान भारत के लिए तीसरा सबसे बड़ा निर्यात गंतव्य है। भारत का पहले से ही जीसीसी के एक अन्य सदस्य देश संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के साथ इसी तरह का समझौता है जो मई 2022 में लागू हुआ था।

भाषा योगेश रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments