(कुमार दीपांकर और चंद्र शेखर)
नयी दिल्ली, तीन फरवरी (भाषा) आर्थिक मामलों के सचिव अजय सेठ ने कहा है कि बजट में मौजूदा मूल्य पर सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के 10.5 प्रतिशत की दर से बढ़ने का एहतियाती अनुमान रखा गया है और इसमें सुधार की गुंजाइश मौजूद है।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को लगातार पांचवां आम बजट पेश करते हुए अगले वित्त वर्ष में मौजूदा मूल्य पर जीडीपी में 10.5 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान जाहिर किया।
सेठ ने पीटीआई-भाषा के साथ साक्षात्कार में कहा, “हमें लगता है कि यह एक एहतियाती अनुमान है और इसमें हल्की बढ़त की गुंजाइश है। उदाहरण के तौर पर, चालू वित्त वर्ष में हमने 11 प्रतिशत वृद्धि का अनुमान लगाया था और वास्तविक वृद्धि 15 प्रतिशत से ज्यादा रही। हालांकि हम अगले साल ऐसी वृद्धि की उम्मीद नहीं कर रहे। लेकिन यह 10.5 प्रतिशत से कम बिल्कुल नहीं रहेगी।”
सेठ ने कहा कि अगले वित्त वर्ष 2023-24 में वास्तविक जीडीपी 6.5 प्रतिशत से कुछ अधिक रहने का अनुमान बेहतर रहेगा।
देश की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की वृद्धि दर के 2023-24 में 6.5 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया गया है जबकि चालू वित्त वर्ष (2022-23) में इसके सात प्रतिशत रहने का अनुमान है। पिछले वित्त वर्ष में देश की आर्थिक वृद्धि दर 8.7 प्रतिशत रही थी।
भाषा अनुराग अजय प्रेम
प्रेम
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
