scorecardresearch
Monday, 30 March, 2026
होमदेशअर्थजगतबीएसई के आशीषकुमार चौहान होंगे एनएसई के नए प्रबंध निदेशक और सीईओ

बीएसई के आशीषकुमार चौहान होंगे एनएसई के नए प्रबंध निदेशक और सीईओ

Text Size:

नयी दिल्ली, 17 जुलाई (भाषा) बीएसई के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) आशीषकुमार चौहान जल्द नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के प्रमुख के रूप में कार्यभार संभालेंगे।

एनएसई ने रविवार को बताया कि बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी दे दी है।

एनएसई ने बयान में कहा कि उनकी नियुक्ति के लिए एक्सचेंज के शेयरधारकों की मंजूरी ली जानी है।

चौहान की नियुक्ति पांच साल की अवधि के लिए होगी। अभी वह बीएसई के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ हैं। वह विक्रम लिमये का स्थान लेंगे। लिमये का कार्यकाल शनिवार को समाप्त हो गया था। पात्र होने के बावजूद लिमये ने एनएसई में एक और कार्यकाल की मांग नहीं की।

चौहान एनएसई के संस्थापकों में से एक हैं। उनकी नियुक्ति ऐसे समय हो रही है जब एक्सचेंज कामकाज के संचालन की खामियों की वजह से नियामकीय जांच के घेरे में है। इसके अलावा एक्सचेंज को-लोकेशन से संबंधित घोटाले की जांच का सामना भी कर रहा है।

को-लोकेशन मामले में एनएसई की पूर्व प्रबंध निदेशक एवं सीईओ चित्रा रामकृष्ण को पद से हटा दिया गया था। बाद में उन्हें इस मामले में गिरफ्तार कर लिया गया था।

एनएसई ने चार मार्च को अपने प्रबंध निदेशक और सीईओ पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए थे। चौहान 2009 से बीएसई में हैं। उन्हें बीएसई को सबसे तेज एक्सचेंज बनाने का श्रेय जाता है। चौहान के पास बीएसई के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को सफलतापूर्वक पूरा करने का अनुभव भी है।

उल्लेखनीय है कि एनएसई काफी समय से आईपीओ की तैयारी कर रहा है। एनएसई ने प्रबंध निदेशक और सीईओ पद के लिए ऐसे उम्मीदवारों से आवेदन मांगे थे, जिनके पास आईपीओ का भी अनुभव हो।

भाषा पाण्डेय

पाण्डेय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments