नयी दिल्ली, 22 दिसंबर (भाषा) वित्तीय सेवा संस्थान ब्यूरो (एफएसआईबी) ने सोमवार को केनरा बैंक के प्रबंध निदेशक (एमडी) और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पद के लिए ब्रजेश कुमार सिंह के नाम की अनुशंसा की।
इस समय इंडियन बैंक के कार्यकारी निदेशक के रूप में पदस्थ सिंह केनरा बैंक के मुखिया के तौर पर के. सत्यनारायण राजू का स्थान लेंगे। राजू इसी महीने सेवानिवृत्त होने वाले हैं।
सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों के निदेशकों का चयन करने वाले एफएसआईबी ने एक बयान में कहा कि 17 उम्मीदवारों के साक्षात्कार के बाद सिंह के नाम की अनुशंसा की गई है।
एफएसआईबी ने अपने बयान में कहा, ‘‘उम्मीदवारों के प्रदर्शन, कुल अनुभव और मानकों को देखते हुए, ब्रजेश कुमार सिंह को केनरा बैंक के एमडी एवं सीईओ के लिए अनुशंसित किया जाता है।’’
इस सिफारिश को मंजूरी के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई वाली मंत्रिमंडलीय नियुक्ति समिति के समक्ष रखा जाएगा।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
