scorecardresearch
Thursday, 23 April, 2026
होमदेशअर्थजगतबिहार की वित्तीय स्थिति अच्छी, और बेहतर करने के लिए विभाग सुनियोजित ढंग से काम करें: मुख्यमंत्री

बिहार की वित्तीय स्थिति अच्छी, और बेहतर करने के लिए विभाग सुनियोजित ढंग से काम करें: मुख्यमंत्री

Text Size:

पटना, 23 अप्रैल (भाषा) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य की आर्थिक स्थिति संतुलित है और इसे और मजबूत बनाने की आवश्यकता है। इसके लिए सभी विभागों को योजनाबद्ध तरीके से कार्य करना होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्व बढ़ाने के लिए नए उपाय तलाशे जाएं और प्रत्येक विभाग अपने स्तर पर नवाचार करे। उन्होंने वित्तीय अनुशासन पर जोर देते हुए कहा कि सरकारी संसाधनों का सही उपयोग जरूरी है। जो लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं, उन्हें समय पर पूरा करना भी उतना ही आवश्यक है। देरी बर्दाश्त नहीं होगी।

उन्होंने कहा कि राज्य का बजट आकार लगातार बढ़ रहा है। विकास योजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है और आम लोगों के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए जा रहे हैं। ऐसे में विभागों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है।

सम्राट चौधरी वित्त विभाग तथा आंतरिक संसाधनों से संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी विभागों में वित्तीय अनुशासन सुनिश्चित किया जाए और अपेक्षित कार्रवाई समयबद्ध ढंग से हो। संसाधनों का सदुपयोग अत्यंत जरूरी है।

समीक्षा बैठक के दौरान वित्त विभाग, वाणिज्यकर विभाग, खान एवं भूतत्व विभाग, नगर विकास एवं आवास विभाग, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग, परिवहन विभाग तथा पंचायती राज विभाग के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों के लक्ष्यों, राजस्व संग्रहण और अन्य उपलब्धियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

बैठक में दोनों उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और बिजेन्द्र प्रसाद यादव, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

भाषा कैलाश रवि कांत रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments