scorecardresearch
Friday, 23 October, 2026
होमदेशअर्थजगतबैंक ऑफ इंडिया का दूसरी तिमाही का शुद्ध मुनाफा 28.4 प्रतिशत बढ़कर 3,309 करोड़ रुपये हुआ

बैंक ऑफ इंडिया का दूसरी तिमाही का शुद्ध मुनाफा 28.4 प्रतिशत बढ़कर 3,309 करोड़ रुपये हुआ

Text Size:

मुंबई, 23 अक्टूबर (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक ऑफ इंडिया ने बताया कि वित्तवर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में उसका एकीकृत शुद्ध मुनाफा 28.4 प्रतिशत बढ़ गया। ब्याज और गैर-ब्याज आय में मजबूत बढ़ोतरी के कारण बैंक का शुद्ध मुनाफा बढ़कर 3,308.82 करोड़ रुपये हो गया।

बैंक ने पिछले वित्तवर्ष की समान तिमाही में 2,576.69 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा अर्जित किया था।

एकल आधार पर बैंक का शुद्ध मुनाफा चालू वित्तवर्ष की जुलाई-सितंबर तिमाही में 25.34 प्रतिशत बढ़कर 3,202.38 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले की समान अवधि में 2,554.57 करोड़ रुपये था।

बैंक की मुख्य शुद्ध ब्याज आय (एनआईआई) मजबूत ऋण वृद्धि और शुद्ध ब्याज मार्जिन में मामूली सुधार के चलते 18.52 प्रतिशत बढ़कर 7,007 करोड़ रुपये हो गई। पिछले साल की समान तिमाही में यह 5,912 करोड़ रुपये थी।

गैर-ब्याज आय भी 24.78 प्रतिशत बढ़कर 2,770 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्तवर्ष की दूसरी तिमाही में 2,220 करोड़ रुपये थी। इसका प्रमुख कारण विदेशी मुद्रा लेनदेन से होने वाले लाभ में तेज वृद्धि और बट्टे खाते में डाले गए खातों से वसूली में सुधार रहा।

सितंबर तिमाही में बट्टे खाते में डाले गए खातों से वसूली 190 प्रतिशत बढ़कर 978 करोड़ रुपये हो गई, जबकि पिछले साल की समान अवधि में यह 337 करोड़ रुपये थी।

वैश्विक स्तर पर बैंक का शुद्ध ब्याज मार्जिन (एनआईएम) सितंबर तिमाही में सालाना आधार पर 0.06 प्रतिशत अंक सुधरकर 2.47 प्रतिशत हो गया, जो एक साल पहले 2.41 प्रतिशत था।

घरेलू अग्रिम 17.84 प्रतिशत बढ़कर 7,03,911 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले 5,97,350 करोड़ रुपये था।

भाषा राजेश राजेश पाण्डेय

पाण्डेय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments