(तस्वीर के साथ)
गांधीनगर, 22 जनवरी (भाषा) जी20 देशों के कारोबारी दिग्गजों और कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी के बीच बी20 इंडिया की तीन दिवसीय प्रारंभिक बैठक रविवार से यहां शुरू हो गई। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल भी इसका हिस्सा हैं।
दुनिया के प्रमुख विकसित एवं विकासशील देशों के समूह जी20 की अध्यक्षता इस समय भारत के पास है। इस साल सितंबर में भारत जी20 के 18वें शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा। इसके पहले जी20 के कई प्रमुख समूहों की बैठकें होने वाली हैं जिनमें बी20 भी शामिल है।
बिजनेस 20 (बी20) इस संगठन के सबसे प्रमुख आधिकारिक समूहों में से एक है। इस समूह में कंपनियां, व्यापारिक संघ और बहुपक्षीय संगठन भी शामिल होते हैं।
जी20 समूह में अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, चीन, फ्रांस, जर्मनी, भारत, इंडोनेशिया, इटली, जापान, कोरिया गणराज्य, मैक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ्रीका, टर्की, ब्रिटेन, अमेरिका और यूरोपीय संघ (ईयू) शामिल हैं।
भारत सरकार ने भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) को औपचारिक रूप से भारत की जी20 अध्यक्षता के दौरान बी20 का नेतृत्व और मेजबानी करने के लिए बी20 सचिवालय के रूप में नामित किया है।
बी20 इंडिया सात कार्यबल एवं दो कार्य परिषदों के जरिये काम करेगा।
भाषा रिया प्रेम
प्रेम
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
