scorecardresearch
Tuesday, 17 March, 2026
होमदेशअर्थजगतअसम देश की सबसे तेजी से बढ़ती राज्य अर्थव्यवस्था: हिमंत

असम देश की सबसे तेजी से बढ़ती राज्य अर्थव्यवस्था: हिमंत

Text Size:

गुवाहाटी, एक जनवरी (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने असम को देश की सबसे तेजी से बढ़ती राज्य अर्थव्यवस्था के रूप में मान्यता दी है।

मुख्यमंत्री ने ‘नतुन दिनेर आलाप’ कार्यक्रम में संवाददाताओं से बातचीत के दौरान कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था में जबरदस्त बदलाव आया है। सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) के वित्त 2025-26 में 7,41,626 करोड़ रुपये तक पहुंचने की उम्मीद है, जो 2020-21 में 4,10,724 करोड़ रुपये था।

उन्होंने कहा कि आरबीआई के आंकड़ों के अनुसार, असम पिछले पांच वर्षों में 45 प्रतिशत की वृद्धि के साथ देश की सबसे तेजी से बढ़ती राज्य अर्थव्यवस्था बन गया है, जो राष्ट्रीय औसत वृद्धि 29 प्रतिशत से काफी अधिक है।

शर्मा पांच साल पहले असम के मुख्यमंत्री बने थे और कुछ महीनों में फिर से विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।

उन्होंने कहा, ‘यह कोई राजनीतिक नारा नहीं बल्कि आरबीआई के आंकड़े हैं। सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में मिली यह मान्यता सभी क्षेत्रों में महसूस की जाएगी। तमिलनाडु, कर्नाटक और महाराष्ट्र जैसे राज्यों के साथ प्रतिस्पर्धा करने से राज्य के लोगों को प्रोत्साहन मिलेगा।’

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में राज्य की राजस्व वृद्धि औसतन 53 प्रतिशत पर स्थिर रही। राज्य ने लगातार सकारात्मक राजस्व संतुलन बनाए रखा है, जिससे सार्वजनिक निवेश स्थायी और रणनीतिक रूप से आर्थिक विकास को बढ़ावा देने वाले क्षेत्रों में लगाया गया।

भाषा योगेश रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments