नयी दिल्ली, दो अक्टूबर (भाषा) बुनियादी ढांचा कंपनी अशोक बिल्डकॉन ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने जावरा नयागांव टोल रोड कंपनी प्राइवेट लि. (जेटीसीएल) में 166 करोड़ रुपये में बहुलांश हिस्सेदारी हासिल की है।
अशोका बिल्डकॉन ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि यह अधिग्रहण मैक्वेरी एसबीआई इन्फ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट्स प्राइवेट लि. और एसबीआई मैक्वेरी इन्फ्रास्ट्रक्चर ट्रस्ट (सामूहिक रूप से ‘निवेशक’) के साथ प्रतिभूति खरीद समझौते के तहत किया गया है।
इस समझौते के तहत जेटीसीएल में निवेशकों के सभी निवेशों का अधिग्रहण किया जाएगा।
अशोक बिल्डकॉन की अनुषंगी वीवा हाइवेज लि. (वीएचएल) ने बृहस्पतिवार को जेटीसीएल में निवेशकों के 10 रुपये प्रति शेयर मूल्य के 7,46,20,000 इक्विटी शेयर 1,66,59,93,151 रुपये में खरीद लिए हैं। यह अधिग्रहण एक अक्टूबर, 2025 को पूरा हुआ।
बयान के अनुसार, ‘इस अधिग्रहण को देखते हुए वीएचएल और एसीएल जैसी अनुषंगी कंपनियों के माध्यम से जेटीसीएल में कंपनी की हिस्सेदारी बढ़कर चुकता शेयर पूंजी का 61.17 प्रतिशत हो गई है।’’
वित्त वर्ष 2024-25 के वित्तीय विवरणों के आधार पर जेटीसीएल की कुल आय 265.50 करोड़ रुपये और शुद्ध संपत्ति 639.89 करोड़ रुपये थी।
जेटीसीएल का गठन 10 जुलाई, 2007 को हुआ था। इसे मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम द्वारा 20 अगस्त, 2007 के समझौते के तहत मध्य प्रदेश में राज्य राजमार्ग (एसएच)-31 के 125 किलोमीटर से 250 किलोमीटर तक के पुनर्निर्माण, चौड़ीकरण और पुनर्वास के लिए निर्माण, संचालन और हस्तांतरण के आधार पर रियायत दी गई है।
यह अधिग्रहण कंपनी और उसके समूह निवेश को जेटीसीएल में समेकित करेगा और निवेशकों के लिए निकासी को सुगम बनाएगा।
भाषा रमण प्रेम
प्रेम
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
