scorecardresearch
Monday, 30 March, 2026
होमदेशअर्थजगतआंध्र प्रदेश में निवेश के बहुत अवसर: मुख्यमंत्री नायडू

आंध्र प्रदेश में निवेश के बहुत अवसर: मुख्यमंत्री नायडू

Text Size:

विशाखापत्तनम, 14 नवंबर (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने शुक्रवार को निवेशकों को राज्य में निवेश करने के लिए आमंत्रित किया।

उन्होंने कहा कि राज्य निवेश के कई अवसर प्रदान करता है और यहां निवेशकों को एस्क्रो खाता और यहां सरकारी गारंटी जैसी सुविधाएं भी दी जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने बंदरगाह शहर विशाखापत्तनम में आयोजित 30वें भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) साझेदारी शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में कृषि से लेकर हरित ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, क्वांटम कंप्यूटिंग और कई अन्य क्षेत्रों में व्यापक अवसर उपलब्ध हैं।

नायडू ने कहा, ‘यहां निवेश के बहुत अवसर हैं। आपके पास संसाधन, तकनीक और जानकारी है। आइए और हमारे साथ मिलकर निर्माण कार्य कीजिए।’

उन्होंने यह भी कहा कि राज्य कृषि, बागवानी, डेयरी, कॉफी, मसाले और कई अन्य क्षेत्रों में सशक्त है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, राज्य को खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में अधिक निवेशकों की आवश्यकता है। वह निवेशकों को एस्क्रो खाता सुविधा और ‘सरकारी गारंटी’ प्रदान करेंगे।

नायडू ने कहा कि राज्य में 1,000 किमी लंबी समुद्री तटरेखा जैसी प्राकृतिक सुविधाएं हैं और उन्होंने इसे भारत के पूर्वी तट का प्रवेश द्वार बताया।

उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश व्यवसाय करने में आसानी प्रदान करने के मामले में शीर्ष स्थान पर है और हमने व्यवसाय की गति में भी तेजी लाई है।

नायडू ने कहा कि राज्य में स्पेस सिटी, ड्रोन सिटी, इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी, क्वांटम वैली और ग्रीन हाइड्रोजन वैली जैसी परियोजनाएं विकसित की जा रही हैं।

उन्होंने दावा किया कि देश का पहला क्वांटम कंप्यूटर आंध्र प्रदेश में बनेगा और दो साल में राज्य विश्व को क्वांटम कंप्यूटर की आपूर्ति शुरू कर देगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में ड्रोन टैक्सी, डेटा केंद्र और पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है।

उन्होंने निवेशकों को आश्वासन दिया कि भूमि से संबंधित कोई समस्या नहीं होगी और सभी मंजूरी वास्तविक समय में दी जाएगी।

नायडू ने कहा कि पिछले 18 महीनों में आंध्र प्रदेश ने 20 अरब डॉलर के निवेश आकर्षित किए हैं और अगले 10 वर्षों में एक हजार अरब डॉलर का निवेश लाने का लक्ष्य रखा है।

भाषा योगेश रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments