नयी दिल्ली, 23 अक्टूबर (भाषा) खुदरा आभूषण विक्रेता ऐश्प्रा जेम्स एंड ज्वेल्स मार्च, 2028 तक 10 नए स्टोर खोलने की योजना बना रही है। कंपनी के निदेशक सौमित्र सराफ ने शुक्रवार को कहा कि इस विस्तार पर करीब 500 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश में मुख्य रूप से कारोबार करने वाली कंपनी ने शुक्रवार को चार नए आभूषण स्टोर खोलने की घोषणा की। इसके साथ ही उसके खुदरा स्टोर की संख्या बढ़कर 20 हो गई है। कंपनी का लक्ष्य मार्च, 2028 तक अपने स्टोर की संख्या बढ़ाकर 30 करने का है।
सराफ ने नए स्टोर की शुरुआत के मौके पर ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘ऐश्प्रा जेम्स एंड ज्वेल्स मार्च 2028 तक 10 नए आभूषण स्टोर खोलेगी। ये स्टोर फ्रेंचाइजी मॉडल के तहत खोले जाएंगे।’’
निवेश के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि एक स्टोर पर करीब 50 करोड़ रुपये का निवेश होता है। इस हिसाब से 10 नए स्टोर खोलने पर कुल निवेश करीब 500 करोड़ रुपये होगा।
कंपनी ने उत्तर प्रदेश के बहराइच, लखनऊ एवं मिर्जापुर तथा बिहार के बेतिया में नए स्टोर खोले हैं। बेतिया में स्टोर खोलने के साथ कंपनी ने बिहार में कदम रखा है।
सराफ ने कहा, ‘‘अभी हम मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश और बिहार पर ध्यान दे रहे हैं क्योंकि यहां काफी संभावनाएं हैं। अगले दो से ढाई साल में हम दूसरे राज्यों में भी विस्तार पर विचार करेंगे।’’
सराफ ने बताया कि कंपनी का कारोबार वित्त वर्ष 2025-26 में 2,300 करोड़ रुपये रहा था। चालू वित्त वर्ष में इसके करीब 30 प्रतिशत बढ़कर 3,000 करोड़ रुपये पहुंचने की उम्मीद है।
खुदरा नेटवर्क के विस्तार के साथ कंपनी युवा ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए उत्पादों की श्रेणी भी बढ़ा रही है। पारंपरिक और शादी के आभूषणों के अलावा कंपनी अपने लाइफस्टाइल आभूषण ब्रांड ‘ज्वेल स्टोरी’ के तहत हल्के और आधुनिक हीरे के आभूषण पेश कर रही है।
भाषा निहारिका रमण प्रेम
प्रेम
प्रेम
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.