scorecardresearch
Wednesday, 29 April, 2026
होमदेशअर्थजगतथिंक गैस में एजीएंडपी प्रथम का विलय, पांच साल में करेगी 50 करोड़ डॉलर का निवेश

थिंक गैस में एजीएंडपी प्रथम का विलय, पांच साल में करेगी 50 करोड़ डॉलर का निवेश

Text Size:

नयी दिल्ली, 12 फरवरी (भाषा) शहरों में गैस वितरण करने वाली कंपनी थिंक गैस अगले चार से पांच साल में 50 करोड़ डॉलर का निवेश करेगी और सीएनजी स्टेशन की संख्या बढ़ाकर 700 करेगी।

भारत ऊर्जा सप्ताह के दौरान कंपनी के चेयरमैन अमिताव सेनगुप्ता ने एजीएंडपी प्रथम के कंपनी में विलय की घोषणा के बाद यह कहा। एजीएंडपी प्रथम घरों, उद्योग और वाहनों के लिए सीएनजी, पीएनजी और एलएनजी उपलब्ध कराती है।

सेनगुप्ता ने कहा, “नए ब्रांड थिंक गैस के तहत हमारा लक्ष्य देश में सबसे बड़े प्राकृतिक गैस नेटवर्क में से एक को विकसित और स्थापित करना है।”

उन्होंने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘कंपनी अगले चार से पांच साल में 50 करोड़ डॉलर का निवेश करेगी और अगले चार साल में सीएनजी स्टेशन की संख्या बढ़ाकर 700 करेगी।’’

फिलहाल कंपनी के सीएनजी स्टेशन की संख्या 450 है।

सेनगुप्ता ने कहा कि वह इस विलय के बाद 10 राज्यों के 50 जिलों को कवर करते हुए 18 करोड़ से अधिक लोगों को सेवा प्रदान करेगी।

पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस विनियामक बोर्ड (पीएनजीआरबी) के चेयरपर्सन डॉ. अनिल कुमार जैन ने विलय किए गए ब्रांड के नए रूप का अनावरण किया।

इस मौके पर सेनगुप्ता के अलावा थिंक गैस के प्रबंध निदेशक (एमडी) एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अभिलेश गुप्ता और अन्य प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।

कंपनी ने कहा कि शहरी गैस वितरण (सीजीडी) क्षेत्र में दो प्रमुख ब्रांड वाली समूह इकाइयां एजीएंडपी प्रथम और थिंक गैस एक ब्रांड- थिंक गैस के तहत काम करेंगी।

पीएनजीआरबी के चेयरपर्सन जैन ने कहा, “हम नए ब्रांड के साथ तेजी से वृद्धि की उम्मीद कर रहे हैं। ताकि एक ऊर्जा परिवेश को बढ़ावा दिया जा सके जो भारत की वृद्धि को बढ़ावा देने वाले सतत विकास को को गति दे।”

भाषा अनुराग रमण

रमण

रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments