नयी दिल्ली, 24 नवंबर (भाषा) सेमीकंडक्टर सामग्री और इलेक्ट्रॉनिक कलपुर्जे बनाने वाली कंपनी एईआईएम ने सोमवार को कहा कि वह वर्ष 2030 तक रायपुर में मौजूद अपनी सुविधा केंद्र में 10,000 करोड़ रुपये का निवेश करने की योजना बना रही है।
कंपनी ने एक नियामकीय सूचना में कहा कि उसे छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर में कोसला इंडस्ट्रियल पार्क में नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण (एनआरडीए) से अपनी सेमीकंडक्टर सामग्री विनिर्माण सुविधा केंद्र लगाने के लिए 11.28 एकड़ प्रमुख औद्योगिक जमीन दी गई है।
नियामकीय सूचना में कहा गया, ‘‘अत्याधुनिक सुविधा केंद्र का निर्माण तुरंत शुरू होगा। कंपनी विनिर्माण प्रक्रिया को तेज़ करने के लिए ‘एडवांस्ड पोस्ट-टेंशन स्लैब टेक्नोलॉजी’ का इस्तेमाल कर रही है, और मई, 2026 तक पहला चरण पूरा करने का लक्ष्य है।’’
चेन्नई की ‘आर्टिफिशियल इलेक्ट्रॉनिक्स इंटेलिजेंट मटीरियल्स लिमिटेड’ (एईआईएमएल) ने इस विकासक्रम पर एक बयान में कहा कि छत्तीसगढ़ में निवेश को राज्य की औद्योगिक नीति से समर्थन मिला है, जिसमें 40 प्रतिशत तक पूंजी सब्सिडी का प्रावधान है।
एईआईएम के कार्यकारी निदेशक, विशाल नंदम ने कहा, ‘‘यह अत्याधुनिक सुविधा केंद्र रायपुर को भारत में एक जाना-माना सेमीकंडक्टर केंद्र बनाएगा। वर्ष 2030 तक हमारे 10,000 करोड़ रुपये के सुनियोजित निवेश के साथ, हम 4,000 से ज़्यादा प्रत्यक्ष अतिकुशल रोजगार पैदा करने, इंजीनियरिंग प्रतिभा को बढ़ावा देने और इस क्षेत्र में अच्छी-खासी आर्थिक वृद्धि को बढ़ावा देने की उम्मीद करते हैं।’’
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.