नयी दिल्ली, 25 नवंबर (भाषा) एशियाई विकास बैंक (एडीबी) ने मंगलवार को कहा कि उसने महाराष्ट्र में सड़क संपर्क में सुधार के लिए 40 करोड़ डॉलर के परिणाम-आधारित ऋण कार्यक्रम को मंजूरी दी है।
इस कर्ज का उपयोग 34 जिलों, विशेष रूप से जलवायु परिवर्तन के प्रति संवेदनशील और आर्थिक रूप से पिछड़े मराठवाड़ा और विदर्भ क्षेत्रों में सड़क संपर्क में सुधार के लिए किया जाएगा। इससे ग्रामीण समुदायों को बाजारों, लॉजिस्टिक केंद्रों, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा और अन्य आवश्यक सेवाओं से जोड़ा जा सकेगा।
एडीबी ने बयान में कहा कि बेहतर सड़कों से आसपास रहने वाले 17 लाख से अधिक लोग लाभान्वित होंगे। इनमें कम-से-कम 80 गांवों के लोग शामिल हैं।
इन सड़कों को बेहतर बनाने के कार्यों में लगभग 350 किलोमीटर राज्य राजमार्ग और 2,577 किलोमीटर ग्रामीण सड़कें शामिल हैं।
एडीबी के भारत में क्षेत्रीय निदेशक मियो ओका ने कहा, ‘‘ इस कार्यक्रम का मकसद गांवों…. और आवश्यक सामाजिक सेवाओं तक सड़क संपर्क में सुधार करके महाराष्ट्र में संतुलित और समावेशी आर्थिक वृद्धि को बढ़ावा देना है।’’
भाषा
रमण अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.