लखनऊ, 20 नवंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश सरकार ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य की 29 चीनी मिलों ने चालू पेराई सत्र 2025-26 में किसानों को 513.96 करोड़ के गन्ना मूल्य का भुगतान किया है।
राज्य सरकार ने यहां एक बयान में कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गन्ना किसानों के हित में गन्ने का राज्य परामर्शी मूल्य (एसएपी) 30 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ाने के बाद नई दरों पर गन्ना मूल्य का भुगतान शुरू हो गया है।
बयान के अनुसार राज्य की 29 चीनी मिलों ने चालू पेराई सत्र 2025-26 में किसानों को 513.96 करोड़ के गन्ना मूल्य का भुगतान कर दिया है। चालू पेराई सत्र में प्रदेश की 114 चीनी मिलों ने गन्ना खरीदने के लिये सूचना जारी कर दी है और 104 चीनी मिलों में विधिवत पेराई कार्य प्रारम्भ हो चुका है।
सरकार ने सभी जिलों के गन्ना अधिकारियों को निर्देश दिया है कि 23 सहकारी और तीन निगम क्षेत्र की चीनी मिलों के गन्ना क्रय केन्द्रों की स्थापना, समय से गन्ने की खरीद व उठान, क्रय केन्द्रों पर तौल लिपिकों की उपस्थिति का निरीक्षण कर जांच आख्या मुख्यालय को तत्काल भेजें।
भाषा सलीम जितेंद्र पाण्डेय
पाण्डेय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
