scorecardresearch
Thursday, 30 April, 2026
होमदेशअर्थजगतजनवरी में भारत से 2.78 लाख टन सोया खली का निर्यात

जनवरी में भारत से 2.78 लाख टन सोया खली का निर्यात

Text Size:

इंदौर (मध्यप्रदेश), 13 फरवरी (भाषा) भारत से सोया खली का निर्यात जनवरी के दौरान नाममात्र बढ़कर 2.78 लाख टन पर पहुंच गया और कुल निर्यात में फ़्रांस की करीब 20 प्रतिशत हिस्सेदारी रही।

प्रसंस्करणकर्ताओं के इंदौर स्थित संगठन सोयाबीन प्रोसेसर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सोपा) ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। जनवरी, 2024 में देश का सोया खली का निर्यात 2.75 लाख टन के स्तर पर रहा था।

प्रसंस्करण कारखानों में सोयाबीन का तेल निकाले जाने के बाद बचने वाले उत्पाद को सोया खली कहते हैं। यह उत्पाद प्रोटीन का बड़ा स्रोत है। इससे सोया आटा और सोया बड़ी जैसे खाद्य पदार्थों के साथ पशु आहार एवं मुर्गियों के लिए दाना भी तैयार किया जाता है।

सोपा के कार्यकारी निदेशक डीएन पाठक ने ‘‘पीटीआई-भाषा’’ से कहा, ‘‘भारत की सोया खली की कीमतें अमेरिका, ब्राजील और अर्जेंटीना के इस उत्पाद के मुकाबले प्रतिस्पर्धी बनी हुई हैं।’’

पाठक ने कहा कि जनवरी महीने में भारत से फ्रांस को 54,520 टन, जर्मनी को 53,705 टन और नीदरलैंड को 45,801 टन का सोया खली निर्यात किया गया।

सोपा के आंकड़ों के मुताबिक, मौजूदा तेल विपणन वर्ष (अक्टूबर 2024-सितंबर 2025) के शुरुआती चार महीनों में भारत से कुल 7.96 लाख टन सोया खली का निर्यात किया गया। यह पिछले तेल विपणन वर्ष में देश से अक्टूबर से जनवरी के बीच हुए 9.34 लाख टन के सोया खली निर्यात से करीब 15 प्रतिशत कम है।

भाषा हर्ष

राजकुमार प्रेम

प्रेम

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments