नयी दिल्ली, चार जनवरी (भाषा) सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (एमओआरटीएच) ने बुधवार को कहा कि वाहन स्क्रैपिंग (कबाड़ में बदलना) के लिए 11 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों को राष्ट्रीय एकल खिड़की प्रणाली (एनएसडब्ल्यूएस) से जोड़ा गया है।
मंत्रालय ने कहा कि इन राज्यों को स्वैच्छिक वाहन बेड़ा आधुनिकीकरण कार्यक्रम (वी-वीएमपी) के लिए एनएसडब्ल्यूएस से जोड़ा गया है, ताकि वाहन कबाड़ क्षेत्र में निजी निवेश को आकर्षित किया जा सके।
मंत्रालय ने बयान में कहा कि 14 नवंबर, 2022 तक 117 निवेशकों में से 36 आवेदनों को संबंधित राज्य सरकारों ने मंजूरी दी है। इन निवेशकों ने पंजीकृत वाहन कबाड़ सुविधाओं (आरवीएसएफ) के लिए रुचि दिखाई थी।
बयान में कहा गया है कि गुजरात, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, मध्य प्रदेश, राजस्थान, असम, गोवा, उत्तराखंड और चंडीगढ़ को वी-वीएमपी के लिए एनएसडब्ल्यूएस में शामिल किया गया है।
भाषा पाण्डेय अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
