नयी दिल्ली, 14 फरवरी (भाषा) वाणिज्य मंत्रालय ने शैंपू, साबुन जैसे व्यक्तिगत देखभाल के उत्पाद बनाने में उपयोग होने वाले रसायन के इंडोनेशिया, मलेशिया और थाइलैंड से होने वाले आयात पर प्रतिपूरक शुल्क लगाने की सिफारिश की है। इस आयात से घरेलू उद्योग के हितों को हो रहे नुकसान को देखते हुए यह सिफारिश की गयी है।
मंत्रालय की जांच इकाई व्यापार उपचार महानिदेशालय (डीजीटीआर) ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि घरेलू कंपनियों को हो रहे नुकसान को देखते हुए इन देशों से आयातितत ‘सैचुरेटेड फैटी अल्कोहल’ के आयात पर निश्चित प्रतिपूरक शुल्क लगाने की जरूरत है।
महानिदेशालय ने पिछले साल फरवरी में इंडोनेशिया, मलेशिया और थालैंड से कथित रूप से सब्सिडीयुक्त कीमतों पर रसायन के आयात की जांच शुरू की थी।
डीजीटीआर ने अधिसूचना में कहा, ‘‘इसको देखते हुए केंद्र की तरफ से जारी अधिसूचना की तारीख से इन देशों से आयातित सामान पर प्रतिपूरक शुल्क लगाने की सिफारिश की जाती है।’’
घरेलू उद्योग से डीजीआर को इस बारे में शिकायत मिली थी। उसके बाद मामले की जांच की गयी।
भाषा
रमण अजय
अजय
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
