scorecardresearch
Monday, 2 March, 2026
होमदेशअर्थजगतअडाणी के ज्यादातर शेयरों में गिरावट, बेहतर तिमाही परिणाम से अडाणी एंटरप्राइजेज दो प्रतिशत चढ़ा

अडाणी के ज्यादातर शेयरों में गिरावट, बेहतर तिमाही परिणाम से अडाणी एंटरप्राइजेज दो प्रतिशत चढ़ा

Text Size:

नयी दिल्ली, 14 फरवरी (भाषा) अडाणी समूह की ज्यादातर कंपनियों के शेयरों में मंगलवार को गिरावट रही। हालांकि, समूह की प्रमुख कंपनी अडाणी एंटरप्राइजेज का तिमाही परिणाम बेहतर रहने से कंपनी का शेयर दो प्रतिशत मजबूत हुआ।

समूह की सात कंपनियां नुकसान में जबकि तीन बढ़त में रहीं।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के खुदरा शोध प्रमुख दीपक जसानी ने कहा, ‘‘अडाणी समूह की कंपनियों के बाजार मूल्यांकन में गिरावट जारी है। मंगलवार को यह 2.1 प्रतिशत नीचे आया। समूह की 10 कंपनियों में से सात में गिरावट रहीं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर तीसरी तिमाही के बेहतर परिणाम की खबर से मजबूत हुआ। समूह का बाजार पूंजीकरण 24 जनवरी की तुलना में अबतक 54.2 प्रतिशत नीचे आ चुका है।’’

अडाणी एटंरप्राइजेज का शेयर बीएसई में 1.91 प्रतिशत चढ़कर 1,750.30 रुपये प्रति इक्विटी पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान शेयर एक समय 17.23 प्रतिशत चढ़कर 1,889 रुपये पर पहुंच गया था।

कंपनी ने सोमवार को बाजार को दी सूचना में कहा कि उसका एकीकृत शुद्ध लाभ तीसरी तिमाही में उछलकर 820.06 करोड़ रुपये रहा जबकि एक साल पहले 2021-22 की इसी तिमाही में उसे 11.63 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। कंपनी की आय भी 42 प्रतिशत बढ़कर 26,612.33 करोड़ रुपये रही।

अडाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकॉनमिक जोन का शेयर 2.15 प्रतिशत चढ़कर 565.10 रुपये पर पहुंच गया जबकि एसीसी 0.41 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,830.85 रुपये पर बंद हुआ।

हालांकि, अडाणी पावर का शेयर टूटकर 148.30 रुपये, अडाणी ट्रांसमिशन 1,070.55, अडाणी ग्रीन एनर्जी 653.40 रुपये तथा अडाणी टोटल गैस 1,135.60 रुपये प्रति शेयर पर बंद हुआ।

इसी प्रकार, अडाणी विल्मर का शेयर 393.60 रुपये और मीडिया कंपनी एनडीटीवी का शेयर 188.35 रुपये प्रति इक्विटी पर बंद हुआ। इन कंपनियों के शेयर पांच प्रतिशत नीचे आये हैं।

अंबुजा सीमेंट का शेयर 1.68 प्रतिशत टूटकर 336.65 रुपये पर बंद हुआ।

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 60.42 अंक यानी 0.99 प्रतिशत चढ़कर 61,032.26 पर पहुंच गया।

स्टोक्सबॉक्स में शोध प्रमुख मनीष चौधरी ने कहा, ‘‘अडाणी समूह की कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 24 जनवरी से लेकर अबतक करीब 10.4 लाख करोड़ रुपये यानी करीब 54 प्रतिशत नीचे आ चुका है।’’

भाषा रमण अजय

अजय

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments