scorecardresearch
Monday, 2 March, 2026
होमदेशअर्थजगतएयर इंडिया 34 अरब डॉलर में बोइंग से 220 विमान खरीदेगी; बाइडन ने सौदे को ऐतिहासिक बताया

एयर इंडिया 34 अरब डॉलर में बोइंग से 220 विमान खरीदेगी; बाइडन ने सौदे को ऐतिहासिक बताया

Text Size:

वाशिंगटन, 14 फरवरी (भाषा) भारत की निजी क्षेत्र की एयरलाइन एयर इंडिया 34 अरब डॉलर के सौदे में बोइंग से 220 विमान खरीदेगी। इसमें 70 और विमान खरीदने का विकल्प भी होगा। इससे सौदे का कुल मूल्य 45.9 अरब डॉलर तक जा सकता है। अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने इस सौदे को एक ‘ऐतिहासिक समझौता’ बताया है।

बाइडन ने मंगलवार को बोइंग-एयर इंडिया सौदे की घोषणा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मिलकर वह भारत और अमेरिका के बीच रिश्तों को और मजबूत करने की उम्मीद कर रहे हैं।

‘व्हाइट हाउस’ की एक घोषणा के अनुसार, बोइंग और एयर इंडिया एक समझौते पर पहुंच गए हैं, जिसके तहत एयरलाइन कुल 220 विमान खरीदेगी। इनमे 190 बी737 मैक्स, 20 बी787 और 10 बी777एक्स विमान शामिल हैं। यह सौदा 34 अरब डॉलर का है।

सौदे में अतिरिक्त 50 बोइंग 737 मैक्स और 20 बोइंग 787 विमान खरीदने का विकल्प शामिल है। इस तरह कुल 290 विमानों का सौदा 45.9 अरब डॉलर बैठेगा।

बाइडन ने कहा, ‘‘मुझे आज एयर इंडिया और बोइंग के बीच ऐतिहासिक समझौते के जरिये 200 से अधिक अमेरिका विनिर्मित विमानों के सौदे की घोषणा करते हुए गर्व हो रहा है।’’

एयर इंडिया का ऑर्डर बोइंग का डॉलर मूल्य में अबतक का तीसरा सबसे बड़ा और विमानों की संख्या के लिहाज से दूसरा सबसे बड़ा सौदा है।

बाइडन ने कहा कि इस खरीद से 44 राज्यों में अमेरिकियों के लिए 10 लाख रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इनमें से कई नौकरियों के लिए कॉलेज की डिग्री की जरूरत नहीं होगी। उन्होंने कहा कि यह घोषणा अमेरिका-भारत आर्थिक भागीदारी की ताकत को दिखाती है।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी के साथ मैं दोनों देशों की भागीदारी को और मजबूत करने की उम्मीद करता हूं। हम साझा वैश्विक चुनौतियों का सामना करना जारी रखेंगे हैं जिससे हमारे नागरिकों का भविष्य और समृद्ध हो सके।’’

इस सौदे की घोषणा पिछले महीने शुरू हुई महत्वपूर्ण और उभरती प्रौद्योगिकी पर अमेरिका-भारत पहल (आईसीईटी) के बाद हुई है। इस पहल का उद्देश्य दोनों देशों की सरकारों, व्यवसायों और विश्वविद्यालयों के बीच रणनीतिक प्रौद्योगिकी साझेदारी और रक्षा औद्योगिक सहयोग का विस्तार करना है।

बाइडेन और मोदी ने मई, 2022 में आईसीईटी की घोषणा की थी।

भाषा अजय अजय रमण

रमण

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments