इडुक्की (केरल), दो मार्च (भाषा) इडुक्की जिले के करीमन्नूर इलाके में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की युवा इकाई डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया (डीवाईएफआई) के कुछ कथित सदस्यों ने एक फेसबुक पोस्ट को लेकर एक व्यक्ति की पिटाई की और उसका बायां पैर और हाथ तोड़ दिया।
पार्टी की एक क्षेत्रीय समिति के सचिव के खिलाफ फेसबुक पर की गई कथित अपमानजनक पोस्ट को लेकर डीवाईएफआई के सदस्यों ने 51 वर्षीय एक व्यक्ति की पिटाई की।
पुलिस के मुताबिक घटना मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे हुई और पीड़ित के अस्पताल में भर्ती होने के बाद ही पुलिस को सूचना दी गई।
अधिकारी ने कहा कि दो लोगों को बुधवार को गिरफ्तार किया गया और यह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है कि क्या इस घटना में कोई और शामिल था क्योंकि पीड़ित व्यक्ति ने दावा किया है कि लगभग 20 लोगों के एक समूह ने उसे पीटा था।
व्यक्ति को पीटे जाने के बाद, माकपा क्षेत्रीय समिति के सचिव की ओर से एक शिकायत मिली थी, जिसमें उस व्यक्ति द्वारा उनके पिता के खिलाफ फेसबुक पर अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया था।
उन्होंने कहा कि फेसबुक पर टिप्पणियां अपमानजनक प्रकृति की थीं।
पीड़ित व्यक्ति के बेटे को डीवाईएफआई से हटाए जाने के बाद से ही दोनों पक्षों में रंजिश चल रही थी।
अधिकारी ने यह भी कहा कि पीड़ित व्यक्ति उस समय नशे में था और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उस व्यक्ति और हमलावरों के बीच कहासुनी हुई थी।
भाषा देवेंद्र माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
