गुवाहाटी, छह मार्च (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोमवार को कहा कि अकेले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों के कारण भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने पूर्वोत्तर में कई बार सफलता का स्वाद चखा है।
मेघालय, नगालैंड और त्रिपुरा में विधानसभा चुनावों के बाद भाजपा समर्थित गठबंधनों ने सत्ता बरकरार रखी है। इन राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे 2 मार्च को घोषित हुए थे।
सरमा ने ट्वीट किया, ‘‘कुछ हलकों का आरोप है कि पूर्वोत्तर में भाजपा का उदय दलबदल या दबाव का परिणाम है। यह हताश टोली द्वारा फैलाई गई कहानी के अलावा और कुछ नहीं है।’’
उन्होंने कहा कि इसके विपरीत, यह अकेले मोदी के प्रयासों के कारण हुआ है कि भाजपा और राजग ने इस क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन किया है।
राजग की क्षेत्रीय इकाई पूर्वोत्तर लोकतांत्रिक गठबंधन (एनईडीए) के संयोजक शर्मा ने कहा, ‘‘आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी से पहले कोई ऐसा प्रधानमंत्री नहीं हुआ जिसने पूर्वोत्तर को राष्ट्रीय मुख्यधारा की चेतना में लाने के लिए इतने जुनून से काम किया हो।’’
उन्होंने कहा, ‘‘परिणाम: एक बार नहीं बल्कि दो बार, भाजपा/राजग ने विधानसभा और लोकसभा दोनों चुनावों में लोकप्रिय वोट के माध्यम से सभी पूर्वोत्तर राज्यों का जनादेश हासिल किया।’’
शर्मा के पोस्ट पर प्रतिक्रिया जताते हुए मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘हम पूरे जोश के साथ काम करना जारी रखेंगे और पूर्वोत्तर की विकास जरूरतों को पूरा करेंगे।’’
प्रधानमंत्री मोदी मंगलवार से दो दिवसीय कार्यक्रम के तहत पूर्वोत्तर का दौरा करेंगे। इस दौरान वह मेघालय, नगालैंड और त्रिपुरा में राजग सरकारों के शपथग्रहण समारोह में शामिल होंगे।
भाषा अमित माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
