scorecardresearch
Friday, 10 April, 2026
होमदेशकेंद्र की वजह से पंजाब में मादक पदार्थ की समस्या : मान का पलटवार

केंद्र की वजह से पंजाब में मादक पदार्थ की समस्या : मान का पलटवार

Text Size:

मोहाली, 14 मार्च (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शनिवार को भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उस पर गुजरात बंदरगाह पर बड़ी मात्रा में मादक पदार्थों की बरामदगी के बाद सख्त कार्रवाई करने में विफल रहने का आरोप लगाया।

मान का यह बयान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा पंजाब में मादक पदार्थों की समस्या सहित विभिन्न मुद्दों पर राज्य की आम आदमी पार्टी (आप)सरकार की आलोचना करने के कुछ ही समय बाद आया।

मुख्यमंत्री ने इंगित किया कि अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार तस्करी को रोकना मुख्य रूप से केंद्र की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा, ‘‘सीमा पार से मादक पदार्थों की तस्करी रोकना केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है, फिर भी हमारी सरकार इसपर अंकुश लगाने के लिए अपने ही संसाधनों से ड्रोन रोधी प्रणाली स्थापित कर रही है।’’

आप नेता ने दावा किया कि केंद्र से कोई मदद नहीं मिलने के बावजूद पंजाब सरकार ने सीमा पार से तस्करी को रोकने के लिए राज्य की 553 किलोमीटर लंबी सीमा पर ड्रोन रोधी तकनीक स्थापित की है।

उन्होंने पंजाब के बाहर बड़ी मात्रा में मादक पदार्थों की बरामदगी के खिलाफ कथित तौर पर कार्रवाई न होने पर सवाल उठाया।

मान ने यहां ‘प्रगतिशील पंजाब निवेशक शिखर सम्मेलन’ के इतर संवाददाताओं से बातचीत में कहा, ‘‘गुजरात में लाखों टन मादक पदार्थ जब्त की जा रही हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है, जबकि पंजाब ने देश में मादक पदार्थों के खिलाफ सबसे बड़ा अभियान शुरू किया है।’’

उन्होंने कहा कि पूरा देश जानता है कि गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह पर लगभग 3,000 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त की गई थी, लेकिन इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कोई सार्थक कार्रवाई नहीं की गई है।

इससे पहले दिन में मोगा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए शाह ने पंजाब में आप सरकार पर मादक पदार्थ, कानून व्यवस्था, धर्मांतरण और भ्रष्टाचार सहित विभिन्न मुद्दों पर जमकर हमला बोला।

मान ने गैंगस्टर के मुद्दे पर कहा कि केंद्र सरकार राष्ट्रीय स्तर पर इस समस्या का समाधान करने में ‘विफल’ रही है। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘पंजाब के गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)सरकार ने गुजरात की जेल में शरण दी है और उसे पंजाब लाने की भी अनुमति नहीं दी जा रही है।’’

उन्होंने जोर देकर कहा कि पंजाब में विभाजनकारी राजनीति कभी सफल नहीं होगी।

मान ने पंजाब में भाजपा की राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘पंजाब में भाजपा एक ‘स्कूटर पार्टी’ है जो कांग्रेस की मदद से 2027 में सत्ता हथियाने का सपना देख रही है।’’

भाषा धीरज माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments