कोच्चि, 28 मार्च (भाषा) राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने वल्लारपदम स्थित कोचीन बंदरगाह के अंतरराष्ट्रीय कंटेनर ट्रांसशिपमेंट टर्मिनल से 512 किलोग्राम लाल चंदन के अवैध निर्यात के प्रयास को विफल कर दिया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
एक विज्ञप्ति के अनुसार, विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर डीआरआई की कोचीन क्षेत्रीय इकाई के अधिकारियों ने चीन जा रहे एक कंटेनर को रोका।
इस खेप को रबर कोर विनियर घोषित किया गया था। विनियर लकड़ी की बहुत पतली परत को कहते हैं जिसे फर्नीचर या अन्य चीजों पर चिपकाया जाता है।
हालांकि, बयान में कहा गया है कि विनियर की परतों के बीच 512 किलोग्राम वजन के लाल चंदन के 16 लट्ठे छिपाए गए थे।
अधिकारियों ने बताया कि जब्त किए गए लाल चंदन और कार्गो को सीमा शुल्क अधिनियम के प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
डीआरआई ने बताया कि लाल चंदन (टेरोकार्पस सैंटालिनस) वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की अनुसूची चार में सूचीबद्ध है और विदेशी व्यापार नीति के तहत इसका निर्यात प्रतिबंधित है।
बयान में कहा गया है कि चालू वित्तीय वर्ष में राजस्व खुफिया निदेशालय की कोचीन क्षेत्रीय इकाई ने केरल में मादक पदार्थों, सोना, वन्यजीव उत्पादों और विदेशी मूल की तस्करी या नकली सिगरेट सहित विभिन्न प्रतिबंधित वस्तुएं जब्त की हैं, जिनका कुल मूल्य लगभग 80 करोड़ रुपये है।
भाषा
राखी संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
