नयी दिल्ली, 29 जून (भाषा) मॉनसून-पूर्व सुरक्षा कदमों के तहत बिजली वितरण कंपनी (डिस्कॉम) यहां बिजली से संबंधित हादसों के खतरों को कम करने के लिए सार्वजनिक स्थानों पर विद्युत उपकरणों और लाइनों का निरीक्षण कर रही है। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है।
दिल्ली में 48 घंटों के अंदर बिजली का करंट लगने से दो लोगों की मौत के मद्देनजर डिस्कॉम ने उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान चलाया है।
बयान में कहा गया है कि मौजूदा अभियान के तहत डिस्कॉम विद्युत प्रतिष्ठानों, खंभों और ओवरहेड लाइन के आसपास करंट लगने की घटनाओं को रोकने तथा सुचारू पारेषण के लिए पेड़ों की छंटनी कर रही है।
इसमें कहा गया है कि डिस्कॉम ने हाल ही में विभिन्न पार्कों में लगे खंभों, स्ट्रीटलाइट खंभों में करंट की जांच की है और यह अभियान जारी रहेगा। डिस्कॉम ने लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मॉल, अस्पतालों, स्कूलों और कॉलेजों जैसे 1,100 से अधिक प्रमुख सार्वजनिक प्रतिष्ठानों में सुरक्षा ऑडिट भी किया है और यह पूरे साल जारी रहेगा।
भाषा अविनाश नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
