(फाइल फोटो के साथ)
नयी दिल्ली, 27 जून (भाषा) शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर दबाव बनाते हुए कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने शनिवार को आरोप लगाया कि महाराष्ट्र टीईटी के प्रश्नपत्र लीक ने एक बार फिर प्रतियोगी परीक्षाओं की शुचिता बनाए रखने में सरकार की विफलता को उजागर किया है।
दीपके ने यहां प्रेसवार्ता में आरोप लगाया कि नीट विवाद के बाद, प्रश्नपत्र लीक होने के कारण महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) को रद्द करना सरकार की परीक्षा आयोजित करने में विफलता का एक और उदाहरण है।
वह महाराष्ट्र में शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी)-2026 को निर्धारित तिथि से महज एक दिन पहले स्थगित किए जाने का जिक्र कर रहे थे। यह फैसला तब लिया गया जब कथित तौर पर प्रश्न पत्र के कुछ हिस्से लीक हो गए। प्रश्नपत्र लीक होने के कारण भिवंडी से तीन लोगों को गिरफ़्तार किया गया और एक ‘अंतर-राज्यीय गिरोह’ का भंडाफोड़ हुआ।
उन्होंने कहा, ‘‘पहले नीट और अब महाराष्ट्र टीईटी परीक्षा भी लीक हो गई और आखिरी समय पर रद्द कर दी गई। विद्यार्थी और शिक्षक 2017 से ही टीईटी घोटालों के बारे में आवाज उठा रहे हैं, लेकिन प्रशासन व्यवस्था को ठीक करने के बजाय हमारे युवाओं का भविष्य बर्बाद करने पर तुला है।’’
दीपके ने आरोप लगाया, ‘‘अब यह साफ हो गया है। महाराष्ट्र में टीईटी प्रश्नपत्र लीक से साबित होता है कि चाहे राज्य स्तर हो या राष्ट्रीय स्तर भाजपा सरकार एक भी परीक्षा ठीक से आयोजित नहीं कर सकती। वह बस राजनीतिक पार्टियों को तोड़ सकती है और दूसरे दलों के विधायकों और सांसदों को अपनी पार्टी में शामिल कर सकती है।’’
राजनीतिक गतिविधियों के लिए इस्तेमाल होने वाले फंड के स्रोत पर सवाल उठाते हुए उन्होंने पूछा, ‘‘सांसदों को खरीदने के लिए पैसा कहां से आ रहा है?’’
डिजिटल व्यंग्य मंच के रूप में शुरू हुई ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ 20 जून से जंतर-मंतर पर धरना दे रही है। पार्टी विभिन्न परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और नीट प्रश्नपत्र लीक विवाद को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही है।
प्रधान के इस्तीफ़े की मांग वाले अभियान के तहत, शिक्षाविद और पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक रविवार से जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे और अनिश्चितकालीन अनशन शुरू करेंगे।
भाषा राजकुमार प्रशांत
प्रशांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.