मुंबई, 19 फरवरी (भाषा) सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि दमानिया ने बुधवार को राकांपा नेता धनंजय मुंडे पर 2024 में कृषि मंत्री के तौर पर बिना कैबिनेट निर्णय के कोष जारी करने का आदेश देकर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।
उन्होंने मांग की कि वर्तमान खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री मुंडे को बर्खास्त किया जाए तथा भविष्य में उन्हें कभी मंत्री न बनाया जाए।
मुंडे ने दमानिया के आरोपों को ‘‘निराधार और हास्यास्पद’’ बताते हुए खारिज कर दिया और चुनौती दी कि अगर उनके पास कोई ठोस सबूत है तो वह अदालत जाएं।
दमानिया ने आरोप लगाया कि जब मुंडे कृषि मंत्री थे, तो उन्होंने सितंबर 2024 में धन के आवंटन सहित महत्वपूर्ण वित्तीय निर्णयों के संबंध में कैबिनेट की मंजूरी का दावा करके अधिकारियों और लोगों को गुमराह किया।
सामाजिक कार्यकर्ता ने यहां संवाददाता सम्मेलन में दावा किया, ‘‘मुंडे को बचाया नहीं जा सकता। वह ऐसे फैसलों के बारे में झूठ फैला रहे हैं जो कभी लिए ही नहीं गए। 23 और 30 सितंबर 2024 को हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठकों में कृषि क्षेत्र से संबंधित कोई निर्णय नहीं लिया गया था।’’
दमानिया ने दावा किया कि मुंडे ने अधिकारियों से एक ‘‘बिना तारीख वाले पत्र’’ के आधार पर धनराशि जारी करने को कहा था, जिसे 30 सितंबर, 2024 को हुई बैठक के दौरान लिए गए कैबिनेट के फैसले के रूप में पेश किया गया था।
भाषा शफीक माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.