scorecardresearch
Tuesday, 10 March, 2026
होमदेशओडिशा में देवमाली को 'पारिस्थितिकी पर्यटन स्थल’ के तौर पर किया जाएगा विकसित : मुख्य सचिव

ओडिशा में देवमाली को ‘पारिस्थितिकी पर्यटन स्थल’ के तौर पर किया जाएगा विकसित : मुख्य सचिव

Text Size:

भुवनेश्वर, 17 अप्रैल (भाषा) कोरापुट जिले में देवमाली चोटी को जल्द ही पारिस्थितिकी पर्यटन (ईको-टूरिज्म) के हिसाब से विकसित किया जाएगा। ओडिशा के मुख्य सचिव एस सी महापात्र ने यह जानकारी दी। देवमाली चोटी पूर्वी घाटों में सबसे ऊंची है।

महापात्र ने शनिवार को यहां पत्रकारों से कहा, ‘‘मैंने देवमाली पर्वत की चोटी का दौरा किया। हमने इस बारे में विस्तृत चर्चा की कि कैसे देवमाली पर्वत की चोटी पर आसपास के गांवों को ध्यान में रखते हुए ‘पारिस्थितिकी पर्यटन’ को विकसित किया जा सकता है। इसके लिए स्थल का चयन भी किया गया है।’’

उन्होंने कहा कि वन विभाग जल्द ही इस पर काम शुरू करेगा।

मुख्य सचिव ने कहा, ‘‘ग्रामीण पहले से ही इस कार्य में शामिल हैं और वे यहां आने वाले पर्यटक वाहनों से शुल्क वसूलते रहे हैं। यहां एक द्वार बनाया गया है। मैंने ग्रामीणों के साथ चर्चा भी की कि वे आने वाले पर्यटकों को बेहतर सेवा कैसे प्रदान कर सकते हैं।’’

महापात्र ने कहा कि आगामी वर्षों में देवमाली पर्यटकों का लोकप्रिय स्थल बन जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे आसपास के गांव के सैकड़ों ग्रामीणों को रोजगार और धन कमाने का माध्यम मिलेगा।

देवमाली अपनी प्राकृतिक सुंदरता के अलावा साहसिक खेल प्रेमियों के लिए भी एक उपयुक्त स्थान है।

भाषा फाल्गुनी सिम्मी

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments