scorecardresearch
Monday, 9 November, 2026
होमदेशदिवाली के बाद दिल्ली की हवा हुई जहरीली, AQI 370 पर पहुंचा; कई इलाकों में गंभीर श्रेणी में प्रदूषण

दिवाली के बाद दिल्ली की हवा हुई जहरीली, AQI 370 पर पहुंचा; कई इलाकों में गंभीर श्रेणी में प्रदूषण

प्रतिबंधों के बावजूद रातभर जलाए गए पटाखों से हवा की गुणवत्ता बिगड़ी. सुबह घनी धुंध के कारण दृश्यता घटी, लोगों को आंखों और गले में जलन के साथ सांस लेने में परेशानी हुई. मौसम की खराब स्थिति, वाहनों के धुएं और पराली जलाने से अगले कुछ दिनों तक प्रदूषण गंभीर श्रेणी में रहने की आशंका.

Text Size:

नई दिल्ली: दिवाली के एक दिन बाद सोमवार सुबह दिल्ली की हवा में प्रदूषण का स्तर चिंताजनक रूप से बढ़ गया. प्रतिबंधों के बावजूद रातभर राजधानी में जगह-जगह पटाखे जलाए गए, जिसके कारण सुबह शहर घनी धूसर धुंध की चादर में ढका नज़र आया. सड़कों पर दृश्यता कम हो गई और लोगों को आंखों और गले में जलन के साथ सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा.

सोमवार सुबह दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 370 दर्ज किया गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में है और गंभीर श्रेणी के करीब है. आशंका है कि दिन में प्रदूषण का स्तर और बढ़कर गंभीर श्रेणी में पहुंच सकता है और अगले कुछ दिनों तक इसके इसी स्तर पर बने रहने की संभावना है.

दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (DTU) और बुराड़ी क्रॉसिंग के निगरानी केंद्रों पर सबसे खराब वायु गुणवत्ता दर्ज की गई. यहां AQI 437 रहा. बवाना, बुराड़ी, जहांगीरपुरी, सोनिया विहार, पंजाबी बाग, ओखला और रोहिणी समेत कई इलाकों में प्रदूषण गंभीर श्रेणी में बना रहा.

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, AQI को शून्य से 50 के बीच ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में रखा जाता है.

दीपावली की रात प्रतिबंधों के बावजूद राजधानी में जमकर आतिशबाजी हुई. इस दौरान 20 निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में दर्ज की गई. सोनिया विहार में सबसे अधिक 463 AQI दर्ज किया गया, जबकि जहांगीरपुरी में यह 450 रहा.

रविवार को दिल्ली का औसत AQI 376 दर्ज किया गया. दीपावली की रात 10 बजे तक आंकड़े दर्ज करने वाले 59 निगरानी केंद्रों में से 20 पर वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में, छह पर खराब और बाकी 33 केंद्रों पर बेहद खराब श्रेणी में रही.

रविवार शाम करीब पांच से छह बजे के बीच पटाखे जलाने का सिलसिला तेज हो गया. पीतमपुरा, बुराड़ी, मयूर विहार और लुटियंस दिल्ली के कुछ हिस्सों में भी जमकर आतिशबाजी हुई. शाम ढलने के साथ ही सड़कों और रिहायशी इलाकों में धुएं की परत जमा होने लगी. कई इलाकों के लोगों ने पटाखों की तेज गंध, कम दृश्यता और सांस लेने में परेशानी की शिकायत की.

स्विट्जरलैंड के वायु गुणवत्ता निगरानी मंच ‘आईक्यूएयर’ के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में PM2.5 का स्तर 170 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया. यह विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के वार्षिक दिशानिर्देश में तय सीमा से करीब 34 गुना अधिक है.

PM2.5 हवा में मौजूद बेहद छोटे कण होते हैं, जो फेफड़ों में गहराई तक पहुंच सकते हैं और खून में भी मिल सकते हैं. स्वास्थ्य पर इनके बुरे असर के कारण इन्हें प्रमुख प्रदूषकों में शामिल किया जाता है.

आईक्यूएयर के आंकड़ों के मुताबिक, PM10 का स्तर 126 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया. वहीं, ओजोन का स्तर 31, नाइट्रोजन डाइऑक्साइड का 44.6, सल्फर डाइऑक्साइड का 32 और कार्बन मोनोऑक्साइड का स्तर 1,461.5 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा.

वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के अनुसार, सोमवार दिन में दिल्ली की हवा और खराब होकर गंभीर श्रेणी में पहुंच सकती है. अगले कुछ दिनों तक प्रदूषण का स्तर इसी श्रेणी में बने रहने की आशंका है.

प्रतिकूल मौसम, वाहनों से निकलने वाला धुआं और पड़ोसी राज्यों में पराली जलाने की घटनाएं प्रदूषण बढ़ने की वजह बन सकती हैं. पूर्व चेतावनी प्रणाली के अनुसार, हवा की रफ्तार कम होने और वेंटिलेशन इंडेक्स (प्रदूषकों को फैलाने की वायुमंडल की क्षमता का सूचकांक) कम रहने से प्रदूषक हवा में जमा हो सकते हैं. प्रति सेकंड 6,000 वर्ग मीटर से कम वेंटिलेशन इंडेक्स और 10 किलोमीटर प्रति घंटे से कम औसत हवा की गति प्रदूषण फैलने के लिए प्रतिकूल स्थिति मानी जाती है.

share & View comments