नयी दिल्ली, दो फरवरी (भाषा) पूर्वी दिल्ली के गीता कॉलोनी इलाके में पीसीआर से मिली सूचना पर कार्रवाई करते समय हेड कांस्टेबल पर हमला करने और उसे दांत से काटने तथा एक अन्य पुलिसकर्मी के साथ हाथापाई करने के आरोप में एक महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह घटना एक फरवरी को रात करीब 8:15 बजे पुस्ता रोड पर हुई, जब हेड कांस्टेबल अंकुर और कांस्टेबल जावेद आपातकालीन ड्यूटी पर थे।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने पुलिस के हवाले से बताया कि झगड़े की सूचना मिलने पर दोनों पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पहुंचने पर उन्होंने देखा कि वहां काफी हंगामा मचा था। दोनों ने लोगों को शांत करने और व्यवस्था बहाल करने की कोशिश की।
उन्होंने कहा, ‘वह (महिला) और अन्य लोग पुलिसकर्मियों को धक्का देने लगे और उनके साथ मारपीट करने लगे। आरोप है कि महिला ने हेड कांस्टेबल अंकुर को पकड़ लिया, उनकी वर्दी फाड़ दी और उनके दाहिने कंधे पर दांत से काट लिया।’
पुलिस ने बताया कि इस घटना के दौरान भीड़ एकत्र हो गई और कुछ लोगों ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। पुलिस अधिकारियों द्वारा बार-बार शांत रहने का अनुरोध करने के बावजूद आरोपियों ने कथित तौर पर हंगामा करना जारी रखा और पुलिस के काम में बाधा डाली।
बाद में दोनों घायल पुलिसकर्मियों को चिकित्सा परीक्षण के लिए डॉ. हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया। भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा
शुभम संतोष
संतोष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
