नयी दिल्ली, 23 फरवरी (भाषा) दिल्ली में सोमवार को सामान्य से अधिक गर्मी रही और प्रमुख मौसम केंद्रों पर बारिश की कोई सूचना नहीं है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।
आईएमडी के अनुसार, सफदरजंग मौसम केंद्र में अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य तापमान से पांच डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रिज क्षेत्र 31 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा, इसके बाद आयानगर 30.4 डिग्री सेल्सियस और लोदी रोड 30.1 डिग्री सेल्सियस रहा। पालम में अधिकतम तापमान अपेक्षाकृत कम 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आईएमडी के आंकड़ों के मुताबिक सफदरजंग मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस, पालम में 13 डिग्री सेल्सियस और लोधी रोड में 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने मंगलवार को धुंध छाई रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया और इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 30 और 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने की उम्मीद है। आईएमडी ने कहा कि इस अवधि के दौरान क्षेत्र में कोई वर्षा दर्ज नहीं की गई, जो शुष्क मौसम की स्थिति जारी रहने का संकेत देता है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 221 रही जो ‘खराब’ श्रेणी में आती है।
भाषा शोभना माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
