scorecardresearch
Wednesday, 18 February, 2026
होमदेशदिल्ली में मौसम गर्म रहने का अनुमान, वायु गुणवत्ता 'खराब'

दिल्ली में मौसम गर्म रहने का अनुमान, वायु गुणवत्ता ‘खराब’

Text Size:

नयी दिल्ली, 16 फरवरी (भाषा) दिल्ली में दिन सामान्य से अधिक गर्म बने हुए हैं जबकि रात में अपेक्षाकृत ठंड बनी हुई है तथा राष्ट्रीय राजधानी में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।

आईएमडी के अनुसार, दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में रविवार को अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.1 डिग्री अधिक है।

राजधानी के अन्य हिस्सों में भी ऐसी ही स्थिति रही। रिज क्षेत्र में तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 5.7 डिग्री ऊपर है। वहीं, लोधी रोड और आयानगर में भी दिन का तापमान औसत से पांच डिग्री अधिक रहा।

सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से थोड़ा कम है जबकि आयानगर में यह 9.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो औसत से 1.5 डिग्री कम है। पालम में रात का तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस के साथ अपेक्षाकृत गर्म रहा।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के ‘समीर’ ऐप के अनुसार दिल्ली में सोमवार सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 218 दर्ज किया गया जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है। साथ ही शादीपुर में यह 308 रहा।

दिल्ली के 25 निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता ‘खराब’ रही जबकि 12 केंद्रों पर यह ‘मध्यम’ श्रेणी में थी।

सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 को ‘गंभीर’ माना जाता है।

वायु गुणवत्ता पूर्व-चेतावनी प्रणाली (एक्यूईडब्ल्यूएस) के अनुसार दिल्ली में वायु गुणवत्ता मंगलवार तक ‘खराब’ श्रेणी में रहने की संभावना है।

आईएमडी ने कहा कि सोमवार सुबह 8:30 बजे समाप्त हुए पिछले 24 घंटों में राष्ट्रीय राजधानी की किसी भी वेधशाल में बारिश दर्ज नहीं की गई, जो शुष्क मौसम की स्थिति को दर्शाता है।

वहीं, आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं जो दोपहर या शाम तक पूरे आसमान से छा सकते हैं तथा अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 27 से 29 डिग्री सेल्सियस और 13 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

आईएमडी के अनुसार, दिन में अपेक्षित अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहेगा।

भाषा प्रचेता शोभना

शोभना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments