नयी दिल्ली, 22 फरवरी (भाषा) दिल्ली के द्वारका में दिल्ली पुलिस ने रविवार को संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद एक गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनपर एक व्यवसायी को धमकाने, उसके कार्यालय पर गोलीबारी करने और उसे अपनी शर्तों पर भूमि विवाद निपटाने के लिए मजबूर करने का आरोप है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान भरत (23) और वीराज (23) के रूप में हुई है, जो विक्की संन्यासी गिरोह के सदस्य हैं। दोनों बिंदापुर पुलिस थाना में हाल ही में दर्ज गोलीबारी के एक मामले में वांछित थे।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने हाल ही में एक व्यापारी को धमकी दी थी और जमीन विवाद को अपनी शर्तों पर निपटाने के लिए मजबूर करने हेतु उसके कार्यालय पर गोलीबारी की थी। इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर 20 फरवरी को जांच शुरू की गई।
अधिकारी ने बताया, ‘आरोपी जेल में बंद गैंगस्टर विक्की संन्यासी के निर्देशों पर काम कर रहे थे, जिसका संबंध कपिल सांगवान उर्फ नंदू गिरोह से है। संन्यासी को पहले ही क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार कर लिया था।’
पुलिस ने बताया कि भरत 21 जनवरी को तिहाड़ जेल से रिहा हुआ था, जहां वह संन्यासी के संपर्क में आया। रिहाई के बाद, उसने उत्तम नगर क्षेत्र और आसपास के इलाकों में भूमि विवादों के सिलसिले में धमकियां देने और लक्ष्यों पर गोलीबारी करने पर सहमति जताई।
अधिकारी ने बताया, ‘‘भरत दिल्ली भर में 15 से अधिक आपराधिक मामलों में संलिप्त पाया गया है, जिनमें चोरी, सेंधमारी, हथियार संबंधी अपराध और बिंदापुर, डाबरी, पालम गांव, द्वारका साउथ और अपराध शाखा में दर्ज अन्य अपराध शामिल हैं।’
भाषा तान्या सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
