नयी दिल्ली, नौ फरवरी (भाषा) दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के धौला कुआं इलाके में एक स्कूटर के खड़े ट्रक से जा टकराने के कारण स्कूटर पर सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक यह घटना रविवार देर रात करीब 1.40 बजे धौला कुआं इलाके में मेट्रो पिलर संख्या-73 के पास घटी, जब गुरप्रीत सिंह (35) नारायणा से धौला कुआं की ओर स्कूटर पर जा रहे थे और उनके पीछे सीट पर 32 वर्षीय एक महिला बैठी थी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि उसे एक सड़क दुर्घटना और एक मरीज को मृत अवस्था में अस्पताल लाए जाने की सूचना मिली थी।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि स्कूटर सड़क पर खड़े एक ट्रक से टकरा गया था। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने बताया कि टक्कर के कारण गुरप्रीत सिंह को गंभीर चोटें आईं और राहगीरों ने उन्हें तुरंत एम्स-ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गुरप्रीत पंजाब के जालंधर का रहने वाला था।
उन्होंने बताया कि स्कूटर की पिछली सीट पर बैठी महिला को भी चोटें आईं और उसे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है और वह बयान देने की स्थिति में नहीं है।
पुलिस का एक अपराध जांच दल भी घटनास्थल पर पहुंचा और दुर्घटनास्थल का फॉरेंसिक परीक्षण किया।
पुलिस ने इस दुर्घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव मृतक के पिता को सौंप दिया गया है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रक और स्कूटर दोनों को जांच के लिए पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ट्रक चालक का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
भाषा रवि कांत रवि कांत वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
