scorecardresearch
Friday, 13 March, 2026
होमदेशदिल्ली: मादक पदार्थ तस्कर को पुलिस ने हिरासत में लिया

दिल्ली: मादक पदार्थ तस्कर को पुलिस ने हिरासत में लिया

Text Size:

नयी दिल्ली, 13 मार्च (भाषा) दिल्ली पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त 41 वर्षीय महिला को स्वापक औषधि और मनः प्रभावी पदार्थों की अवैध तस्करी की रोकथाम (पीआईटी-एनडीपीएस) अधिनियम के तहत हिरासत में लेकर जेल भेजा है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि उत्तम नगर निवासी आरोपी सोनिया को 26 फरवरी को हिरासत में लिया गया था।

सोनिया एक आदतन अपराधी है जिसका 2009 से आपराधिक इतिहास है। वह उत्पाद शुल्क उल्लंघन और मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित कम से कम आठ आपराधिक मामलों में शामिल रही है।

पुलिस ने बताया कि राजधानी में संगठित मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त गिरोह पर कार्रवाई के तहत उसे पकड़ा गया और हिरासती आदेश के तहत तिहाड़ जेल में रखा गया है।

पुलिस के अनुसार, सोनिया की नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्तता 2023 में तब सामने आई जब उत्तम नगर पुलिस थाने में एनडीपीएस अधिनियम के तहत दर्ज एक मामले में उसे आपूर्तिकर्ता के रूप में चिह्नित किया गया।

उस मामले में, रामनिवास नामक एक व्यक्ति को 1.41 किलोग्राम गांजा और 5,960 रुपये नकद के साथ गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान, उसने कथित तौर पर खुलासा किया कि यह प्रतिबंधित सामग्री सोनिया से प्राप्त की गई थी।

पुलिस ने बताया कि उसे 2025 में उत्तम नगर पुलिस थाने में दर्ज एक मामले में पकड़ा गया।

पुलिस ने बताया कि आपराधिक इतिहास की समीक्षा करने के बाद सक्षम प्राधिकारी ने सोनिया को हिरासत में लिए जाने का आदेश जारी किया।

भाषा तान्या पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments