नयी दिल्ली, 13 मार्च (भाषा) दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी के पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा के साथ एक बैठक की और सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, साइबर अपराध तथा उभरती चुनौतियों से जुड़े मुद्दों की समीक्षा की।
दिल्ली के 23वें उपराज्यपाल के रूप में हाल ही में पद संभालने वाले संधू ने इस बैठक की जानकारी सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिये साझा की। संधू ने पोस्ट में कहा, ‘‘लोक निवास में दिल्ली पुलिस के आयुक्त सतीश गोलछा के साथ अच्छी चर्चा हुई।’’
बैठक के दौरान उपराज्यपाल ने शहर में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने से जुड़ी विभिन्न चुनौतियों की समीक्षा की और साइबर अपराध तथा अन्य उभरते असामान्य खतरों से निपटने की रणनीतियों पर भी चर्चा की।
पोस्ट के अनुसार, चर्चा में इन चुनौतियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जवाबी उपायों और संभावित नवाचारी तरीकों पर भी ध्यान केंद्रित किया गया।
संधू ने 11 मार्च को दिल्ली के 23वें उपराज्यपाल के रूप में शपथ ली थी।
भाषा सुरेश दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
