scorecardresearch
Wednesday, 4 March, 2026
होमदेशदिल्ली सरकार नौ ज्यादा प्रदूषण वाली जगहों पर 305 ‘मिस्ट स्प्रेयर’ लगाएगी: मुख्यमंत्री गुप्ता

दिल्ली सरकार नौ ज्यादा प्रदूषण वाली जगहों पर 305 ‘मिस्ट स्प्रेयर’ लगाएगी: मुख्यमंत्री गुप्ता

Text Size:

नयी दिल्ली, चार दिसंबर (भाषा) मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बृहस्पतिवार को कहा कि दिल्ली सरकार राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण से निपटने के लिए ‘मिस्ट स्प्रे’ तकनीक को लागू करने के मकसद से एक व्यापक योजना तैयार कर रही है।

गुप्ता ने आईटीओ पर स्थापित ‘मिस्ट स्प्रेयर’ का निरीक्षण किया और कहा कि दिल्ली के नौ प्रमुख प्रदूषण स्थलों पर 305 मिस्ट स्प्रेयर स्थापित करने का काम किया जा रहा है।

‘मिस्ट स्प्रेयर’ मुख्य रूप से धूल को हवा में फैलने से रोकने के लिए पानी के सूक्ष्म कणों का छिड़काव करता है जिससे धूल के कण नीचे बैठ जाते हैं।

गुप्ता ने कहा कि ‘मिस्ट’ प्रौद्योगिकी को प्रदूषण के खिलाफ एक प्रभावी समाधान के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के कुछ क्षेत्रों में ‘मिस्ट स्प्रेयर’ के परीक्षणों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।

निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम दिल्ली की सभी सड़कों पर ‘मिस्ट स्प्रे’ मशीन लगाने के लिए एक व्यापक योजना तैयार कर रहे हैं। आईटीओ पर 35 खंभों में लगाए गए ‘मिस्ट स्प्रेयर’ अच्छे परिणाम दे रहे हैं।’’

गुप्ता ने कहा कि प्रदूषण के समाधान पर दिल्ली सरकार को सलाह देने के लिए विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों की एक उच्च स्तरीय समिति गठित की जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को घोषित इस समिति में विभिन्न सरकारी विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) और पर्यावरण विज्ञान के विशेषज्ञ भी शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि समिति को सरकार द्वारा विशेष शक्तियां प्रदान की जाएंगी।

गुप्ता ने कहा कि लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), दिल्ली राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (डीएसआईआईडीसी) और दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) सहित विभिन्न विभागों को प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए कई कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने लोगों से दिल्ली सरकार के पोर्टल पर गड्ढों की सूचना देने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) को आवासीय क्षेत्रों में सुरक्षा गार्ड को हीटर वितरित करने चाहिए, जिससे वे सर्दियों में लकड़ी-कचरा आदि न जलाएं और वायु प्रदूषण पर अंकुश लग सके।

भाषा यासिर प्रशांत

प्रशांत

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments